सागर के शासकीय माध्यमिक विद्यालय धर्माश्री में विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता तय मानकों के मुताबिक नहीं मिली। साथ ही स्कूल में शासन के साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भी भोजन नहीं दिया जा रहा था। बुधवार को औचक निरीक्षण के दौरान यह स्थिति सामने आने पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने नाराजगी जताई। कलेक्टर के निर्देश पर मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने वाली आकांक्षा सेवा समिति के प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। समिति से दो दिन में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मध्याह्न भोजन प्रदाय का अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को नस्ती भेजी जाएगी। औचक निरीक्षण में सामने आई कमियां कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बुधवार को शासकीय माध्यमिक शाला धर्माश्री का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता निर्धारित स्तर के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके अलावा भोजन शासन द्वारा तय साप्ताहिक मेन्यू के मुताबिक भी नहीं था। निरीक्षण में कमियां मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। संस्था की है भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी मध्याह्न भोजन प्रदाता संस्था को तय मेन्यू के अनुसार शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। कमियां सामने आने के बाद विकासखंड स्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र सागर की ओर से आकांक्षा सेवा समिति के प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दो दिन में देना होगा स्पष्टीकरण नोटिस में समिति से गुणवत्ताहीन और मेन्यू के विपरीत भोजन दिए जाने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। समिति को नोटिस जारी होने के दो दिन के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर अपना जवाब देना होगा। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर समिति के मध्याह्न भोजन प्रदाय अनुबंध को निरस्त करने की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को नस्ती भेजी जाएगी।
