खंडवा जिले के मूंदी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर थार और बलेनो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम जलवा निवासी सौरभ राठौर (28) अपनी मां सुमन बाई (58), बहन सारिका, रिश्तेदारों के साथ कार से मूंदी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही थार वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सौरभ और उनकी मां सुमन बाई की मौके पर ही मौत हो गई। शादी की खरीदारी के लिए जा रहा था परिवार
परिवार में कुछ ही दिनों में शादी का कार्यक्रम था, 21 अप्रैल को सारिका की शादी होने के चलते मूंदी में खरीददारी के आ रहे थे। जिससे घर में खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों के पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे में सारिका राठौर, रविंद्र राठौर (दोनों पिता राजेंद्र, निवासी जलवा) और रविंद्र (पिता दिनेश, निवासी देशगांव) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को पहले मूंदी में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल खंडवा भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही मुंदी थाना प्रभारी राजेंद्र नरवरिया और एएसआई केएन तिवारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। बताया जा रहा है कि थार वाहन का चालक सनावद क्षेत्र का निवासी है। हादसे की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
