छतरपुर जिले के नौगांव क्षेत्र में 12वीं की एक 17 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। छात्रा ने बुधवार को बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आने और उसमें फेल होने के बाद जहर खा लिया था। वर्तमान में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रिजल्ट में फेल होने के बाद दोपहर में खाया जहर पुलिस के अनुसार, नौगांव थाना क्षेत्र के सुनाटी गांव निवासी शिवानी अहिरवार (17) पुत्री सुरेश अहिरवार ने हाल ही में कक्षा 12वीं की परीक्षा दी थी। बुधवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने पर वह फेल हो गई। परिणाम आने के कुछ समय बाद ही दोपहर में छात्रा ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। नौगांव से किया रेफर, जिला अस्पताल में तोड़ा दम घटना की जानकारी मिलते ही परिजन छात्रा को तुरंत नौगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया। SDOP बोले- प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि, “प्रारंभिक जांच में यह मामला परीक्षा में असफल होने के कारण उठाया गया आत्मघाती कदम प्रतीत हो रहा है।” पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
