देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में व्याप्त समस्याओं और छात्र हितों की अनदेखी के विरोध में एनएसयूआई उग्र आंदोलन कर रही है। संगठन द्वारा विश्वविद्यालय के आरएनटी परिसर में जंगी प्रदर्शन किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान विश्वविद्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। जंगी प्रदर्शन में सैकड़ों छात्रों ने आते से ही विश्वविद्यालय परिसर में घुसने का प्रयास किया और वहां पुलिस से उनकी धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने एनएसयूआई अध्यक्ष रजक पटेल सहित दो को गिरफ्तार कर लिया। एनएसयूआई पदाधिकारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय में विभिन्न प्रशासनिक और शैक्षणिक समस्याओं के चलते छात्रों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है। इन मुद्दों को लेकर सैकड़ों छात्र प्रदर्शन में शामिल होकर विश्वविद्यालय की नीतियों का विरोध कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष रजत सिंह पटेल ने कहा कि एनएसयूआई वर्षों से छात्र हितों की लड़ाई लड़ता आ रहा है और इस बार भी छात्रों के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाई जाएगी। प्रदर्शन में एनएसयूआई के प्रदेश, जिला और महाविद्यालय स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद हैं। संगठन ने दावा किया है कि यह आंदोलन छात्र हितों की रक्षा के लिए निर्णायक साबित होगा। तस्वीरों में देखिए एनएसयूआई का प्रदर्शन…
