छतरपुर में सुरेंद्र तोमर (45) की ग्वालियर ले जाते समय मौत हो गई। रविवार को परिवार के लोगों ने 5 घंटे से ज्यादा समय होने के बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं करने दिया। उन्होंने सुरेंद्र के साथ मौजूद रियाज, गांव के सरपंच और उसके परिवार पर कुछ खिलाने का शक जताया है। परिवार के लोगों का कहना है कि पुलिस विधायक के घर के यहां से सुरेंद्र को ले गई। पुलिस की ही अभिरक्षा में सुरेंद्र की मौत हुई। ऐसे में विधायक के घर के यहां और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर मौत का सच पता लगाया जाए। इसके साथ ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया है। मामला शनिवार रात का है। जब सुरेंद्र को पुलिस छतरपुर विधायक ललिता यादव के घर के बाहर से पकड़कर थाने लाई थी। थाने में उसकी हालत बिगड़ने पर उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां से उसे ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हुई। हालांकि रियाज ने उसके ऊपर लग रहे आरोपों को नकारा। वहीं पुलिस ने कहा कि सुरेंद्र जहर खाकर थाने आया था। वहीं से उसे अस्पताल भेजा। पहले तस्वीरें देखिए… सरपंच और उसके परिवार पर आरोप
परिजनों ने सरानी गांव के सरपंच और उसके परिवार पर भी इस मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है। सुरेंद्र के विधायक के घर पहुंचने पर भी संदेह व्यक्त किया जा रहा है। परिवार ने विधायक के घर के सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ सरानी सरपंच शिवहरे परिवार और मृतक के साथ रहे रियाज खान पर भी संदेह जताते हुए जांच की मांग की है। रियाज बोला- रुपए देकर निकल गया था
सुरेंद्र के साथ मौजूद रियाज खान ने अपना बयान दिया है। रियाज के अनुसार, वह सुरेंद्र सिंह के साथ शराब पी रहा था। बाद में सुरेंद्र सिंह ने उसे फोन करके विधायक के घर के बाहर बुलाया। रियाज उस समय विधायक के घर के बाहर एक किराने की दुकान पर था। उसने सुरेंद्र सिंह को पैसे दिए और फिर वहां से चला गया। रियाज ने दावा किया कि उसके सामने कोई विवाद नहीं हुआ और सुरेंद्र सिंह ने भी उसे किसी विवाद के बारे में नहीं बताया था। पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। पुलिस बोली- जहर खाकर थाने आया
कोतवाली पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र गुंडा लिस्ट में आता था। सुरेन्द्र सिंह पर 16 अपराध भी दर्ज हैं। समय-समय पर पुलिस के द्वारा परेड करवाई जाती है, जहां बीते दिन पुलिस के द्वारा सुरेद्र सिंह सहित कई लिस्टेट गुंडो को सूचना देकर बुलाया गया था। सुरेन्द्र सिंह शराब के नशे में था और वह कुछ जहरीला पदार्थ खाकर आया था, जब उसकी हालत बिगड़ी तो हॉस्पिटल भेजा गया। उसके बाद ग्वालियर रेफर किया गया। वहीं कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल में लगी है, फिलहाल अभी जिला हॉस्पिटल में पीएम किया जा रहा है। टीआई अरविन्द्र दांगी, टीआई बाल्मीकि चौबे मौके पर मौजूद है तो वही पुलिस के द्वारा परिजनो को लगातार समझाया जा रहा है। निष्पक्षता से मामले की जांच होगी।
