भिंड जिले के फूप क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में एक बुजुर्ग और एक युवक की मौत हो गई। शनिवार को फूप तिराहे पर कैंटर की टक्कर से 69 वर्षीय सतीश चंद्र जैन की मौत हो गई। वहीं, गजना गांव में शुक्रवार रात 22 वर्षीय योगेंद्र बघेल ने घर के कमरे में फांसी लगा ली। दोनों मामलों में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। युवक की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है। फूप निवासी 69 वर्षीय सतीश चंद्र जैन शनिवार को फूप तिराहे से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान भिंड की ओर से जा रहे कैंटर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गजना गांव में युवक की मौत फूप क्षेत्र के गजना गांव निवासी 22 वर्षीय योगेंद्र बघेल पुत्र रामवीर बघेल ने शुक्रवार रात घर के कमरे में फांसी लगा ली। शनिवार सुबह परिवार के लोगों ने उसे फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
