Homeछत्तीसगढ़रायपुर में पाकिस्तानी मूल के युवक को जिंदा दफनाया:4 थानों से होते...

रायपुर में पाकिस्तानी मूल के युवक को जिंदा दफनाया:4 थानों से होते हुए 40KM ऑटो में ले गए; गर्लफ्रेंड को परेशान करने पर हत्या

रायपुर में बॉयफ्रेंड ने उसकी प्रेमिका को परेशान करने वाले युवक को जिंदा जमीन में दफना दिया। लाठी से हमला करने पर युवक बेहोश हो गया था। आरोपी उसी हालत में युवक को माना से अभनपुर ऑटो में लेकर गए, जहां खदान में जमीन खोदकर दफना दिया। घटना के 5 दिन बाद उसकी लाश मिली थी। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक पाकिस्तानी मूल का था, उसे भारतीय नागरिकता नहीं मिली थी। रायपुर में रहकर वह ठेकेदारी कर रहा था। पीएम रिपोर्ट में मुंह और सांस नली में मिट्टी जाने से मौत की पुष्टि हुई है। मर्डर में गर्लफ्रेंड समेत 6 आरोपी शामिल है, पुलिस ने 5 को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक को अधमरी हालत में ऑटो से 40 किलोमीटर दूर लेकर गए थे। इस बीच 4 थानों से होकर गुजरे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… अब जानिए क्या है पूरा मामला शदाणी दरबार का रहने वाला नितेश बत्रा (29) ठेकेदारी करता था। आरोपी श्याम सुंदर सोनी की माना में सब्जी दुकान है। श्याम का सावित्री साहू से अफेयर था। आरोप है कि नितेश सावित्री को परेशान करता था, उसे अक्सर फोन किया करता था। 16 मार्च की रात वह सावित्री के घर माना पहुंचा था। ठीक उसी टाइम श्याम भी पहुंचा और मेरी गर्लफ्रेंड को रोज परेशान करते हो बोलकर उससे झगड़ा करने लगा। बहस के बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई। श्याम ने दुकान से अपने 2 कर्मचारी बुला लिए। तीनों ने मिलकर नितेश को खूब मारा। लाठी से सिर पर मारने से वह गंभीर घायल होकर बेहोश हो गया था। इसी अधमरी हालत में उसे ऑटो में बैठाकर ठिकाने लगाने अभनपुर ले गए और उसकी स्कूटी को बीच में पुलिया में फेंक दिया। 4 थानों से होकर गुजरे, पुलिस को भनक नहीं इस दौरान आरोपी ऑटो से 4 थानों से होकर गुजरे। मुजगहन, माना, टिकरापारा और अभनपुर थाना होते हुए 35-40 किलोमीटर सफर कर नितेश को लेकर भरेंगाभाटा गांव पहुंचे। जहां रात के अंधेरे में ऑटो से बाहर उतारकर फिर उसे मुक्का ही मुक्का मारा और गमछे से लगा घोटने की कोशिश की। उसके बाद परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच मुरूम खदान में ले जाकर नितेश बत्रा को दफना दिया। वारदात के बाद सब फरार हो गए थे। सांस नली में मिट्टी भर जाने से गई थी जान पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और जिंदा दफनाने से हुई। सांस नली में मिट्टी भर जाने से उसकी जान गई। 5 दिन बाद लाश का पता चला घटना के 5 दिन बाद 21 मार्च को अभनपुर के भरेंगाभाठा के पास सड़क किनारे एक मुरूम गड्ढे में ग्रामीणों ने अज्ञात शव देखा तो थाने में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि शव का एक हाथ और पैर जमीन से बाहर निकला हुआ था। जिसके बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बॉडी बाहर निकाली गई। पहचान के बाद जांच में जुटी पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान माना थाना में दर्ज गुमशुदगी के आधार पर नितेश बत्रा (29) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद ली। 5 आरोपी गिरफ्तार, 1 की तलाश जारी पुलिस ने आरोपी श्याम सुंदर सोनी, सावित्री साहू, सुमित कोसले और 2 नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लकड़ी और अन्य सामान जब्त किया गया है। घटना में शामिल 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल माइकल सैनी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। …………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… रायपुर में दफन मिली युवक की लाश…टैटू से हुई पहचान: हाथ-पैर जमीन से दिख रहे थे बाहर; 1 महीने पुराना नरकंकाल भी मिला राजधानी रायपुर में 2 अलग-अलग इलाके में एक लाश और एक नर कंकाल मिला है। अभनपुर के भरेंगाभाटा गांव में जमीन पर गड़ी हुई लाश मिली। जमीन के बाहर हाथ-पैर निकले हुए थे, लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here