मध्य प्रदेश के बैतूल के चोपना क्षेत्र में 1 अप्रैल 2026 को एक नकाबपोश हमलावर ने पति-पत्नी पर धारदार हथियार ‘दाव’ से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में विप्लव विश्वास का बायां हाथ कलाई से लगभग अलग हो गया और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के समय विप्लव अपनी पत्नी सुशांति विश्वास के साथ बाइक से डॉक्टर को दिखाकर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम शिवसागर पुलिया के पास कच्चे रास्ते पर आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने वारदात से पहले एक लोहार से ₹850 में ‘दाव’ खरीदा था। उसका भुगतान PhonePe के जरिए किया था। इसी ट्रांजैक्शन को ट्रेस कर पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात से जुड़ी 2 तस्वीरें देखिए… पहले से बना था हमला करने का प्लान जांच में सामने आया है कि घटना के दिन ही आरोपी प्रणव मिस्त्री ने विप्लव और उनकी पत्नी को देखा था, जब वे डॉक्टर को दिखाने बैतूल आए थे। इसी दौरान उसने कथित रूप से हमला करने की योजना बना ली। आरोपी ने पहले से हथियार तैयार कराया और दोनों के गांव लौटने का इंतजार किया। जैसे ही वे शिवसागर पुलिया के पास पहुंचे, उसने हमला कर दिया। पत्नी की बहादुरी से बची जान, एम्स रेफर हमले के बाद पत्नी सुशांति विश्वास ने बहादुरी दिखाते हुए राहगीरों की मदद से घायल पति को घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत में उन्हें भोपाल स्थित AIIMS Bhopal रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने गुरुवार को कटी हुई कलाई की सर्जरी कर उसे जोड़ दिया है। पत्नी के सुराग से खुला केस शुरुआत में मामला पूरी तरह ब्लाइंड अटैक माना जा रहा था, लेकिन पत्नी सुशांति विश्वास के हुलिए और कद-काठी के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि आरोपी उनका पुराना परिचित प्रणव मिस्त्री हो सकता है। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और कुछ ही घंटों में आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी का कबूलनामा, बदनामी और रंजिश का बदला गिरफ्तारी के बाद प्रणव मिस्त्री (33), निवासी सालीवाड़ा ने पूछताछ में जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि 2020–21 में शिकायतों के कारण उसकी सामाजिक छवि खराब हुई थी और उसके रिश्ते बार-बार टूट रहे थे। इसी रंजिश में उसने हमला किया। विदेश से लौटकर फिर जाने की तैयारी आरोपी वेल्डर का काम करता है और दुबई, कतर और उज्बेकिस्तान में नौकरी कर चुका है। वह दिसंबर 2025 में दुबई से लौटा था। इसके बाद में सूरत की LT कंपनी में काम करने के बाद गांव आया। जांच में यह भी सामने आया कि वह 6 अप्रैल 2026 को विदेश जाने वाला था और उसका वीजा भी तैयार था। WhatsApp ग्रुप विवाद से पुरानी रंजिश पुलिस के अनुसार 2021 के लॉकडाउन के दौरान एक WhatsApp ग्रुप में विवाद हुआ था, जिसमें पीड़ित की पत्नी का नंबर जोड़ दिया गया था और आपत्तिजनक सामग्री को लेकर शिकायत की गई थी। उस समय पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया था, लेकिन तभी से दोनों पक्षों में रंजिश बनी हुई थी। पुलिस ने हथियार और बाइक बरामद की पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया ‘दाव’, बाइक और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक डिजिटल और फिजिकल दोनों साक्ष्य केस को मजबूत कर रहे हैं। घायल का भाई बोला- रंजिश रखता था आरोपी घायल विप्लव के भाई राहुल का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से रंजिश रखता था और उसके व्यवहार को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं थीं, जिससे उसकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई और रिश्तों में दिक्कतें आती रहीं।
