Homeमध्यप्रदेशट्रैक्टर पर बैठकर सीएम का किसानों से संवाद:दतिया में मशीन से खेती...

ट्रैक्टर पर बैठकर सीएम का किसानों से संवाद:दतिया में मशीन से खेती का काम देखा, 62 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को दतिया जिले के भांडेर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने 62 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने खेत में पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद भी किया और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का संदेश दिया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएम दोपहर 2.22 बजे हेलीकॉप्टर से बेरछ रोड स्थित हेलीपैड पर उतरे। वहां से मंडी प्रांगण जाते समय उन्होंने बिछरेटा गांव में एक किसान के खेत पर रुककर स्ट्रा रीपर मशीन को काम करते देखा। मुख्यमंत्री खुद ट्रैक्टर पर बैठे और किसानों से फसल प्रबंधन की जानकारी ली। इसके बाद वे सीधे मंडी प्रांगण पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। कहा- सरकार समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं के लाभ वितरित किए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से पराली न जलाने और सुपर सीडर जैसी वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग की अपील की, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ भूमि की उर्वरता भी बनी रहे। दो नए कार्यों का शिलान्यास भी किया
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख कार्यों की सौगात दी, उनमें पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान भवन व कैंटीन, संदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय भांडेर, ततारपुर स्टेडियम, पुलिस लाइन में नया कार्यालय भवन, पंडोखर धाम व रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह शामिल हैं। साथ ही माता रतनगढ़ योजना के तहत यात्री निवास का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा 7 करोड़ रुपए से अधिक लागत के दो नए कार्यों – रतनगढ़ माता मंदिर पर विद्युत उपकेंद्र और भांडेर में छात्रावास निर्माण का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और एसपी सूरज वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटे रहे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here