उज्जैन के संभागायुक्त और मेला अधिकारी आशीष सिंह अब प्रतिदिन सुबह 10 बजे से सिंहस्थ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। पहले ही दिन सोमवार को निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन दताना से पाइप फैक्ट्री तक फोरलेन मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गति धीमी होने और निर्माण सामग्री की परीक्षण प्रयोगशाला में कैलिब्रेशन सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं होने पर सिंह ने निर्माण कार्य करने वाले संबंधित ठेकेदार पर 5 लाख रुपए की पेनल्टी लगा दी। मेला अधिकारी आशीष सिंह ने सिंहस्थ के तहत दताना से पाइप फैक्ट्री तक कुल 8.8 किलोमीटर तक निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। सिंह ने निर्माण कार्य में उपयोग की जाने वाली सामग्री की परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। परीक्षण प्रयोगशाला में निर्माण एजेंसी द्वारा कैलिब्रेशन सर्टिफिकेट (अंशांकन प्रमाण पत्र) उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई। कम मजदूर होने पर दिखाई नाराजगी मार्ग निर्माण के दौरान दताना क्षेत्र में मजदूरों की संख्या कम होने से कार्य की धीमी गति को लेकर भी आशीष सिंह नाराज दिखे। उन्होंने निर्माण कार्य करने वाली संबंधित एजेंसी बिंदल कॉन्ट्रैक्टर एंड डेवलपर्स पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण यंत्री गणेश पटेल को दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फोरलेन निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री की टेस्टिंग रिपोर्ट प्रतिदिन अपडेट की जाए। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का पूर्ण ध्यान रखा जाए। मेला अधिकारी सिंह ने हामूखेड़ी में मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर संबंधित निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी द्वारा जानकारी दी गई कि हामूखेड़ी मार्ग के 900 मीटर के चौड़ीकरण में मार्ग के दोनों ओर 200 मीटर तक सीवेज लाइन और पानी की पाइपलाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। यहां पर पानी की पाइपलाइन से नल कनेक्शन भी दिए गए हैं। सड़क का 1 किमी हिस्सा वर्षा से पहले पूर्ण करें मेला अधिकारी सिंह ने नानाखेड़ा गेल चौराहे से नीलगंगा चौराहे तक 2700 मीटर निर्माणाधीन मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि चौड़ीकरण कार्य तेजी से किया जा रहा है। वर्षा ऋतु प्रारंभ होने तक 1150 मीटर तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। मार्ग में सीवेज लाइन, नाली निर्माण कार्य, विद्युत पोल लगाने और पेयजल की पाइपलाइन डालने का कार्य प्रगतिरत है। संभागायुक्त सिंह ने निर्देश दिए कि अब तक हुए चौड़ीकरण कार्य के साथ ही आगे होने वाले चौड़ीकरण कार्य की पहले से योजना तैयार कर लें।
