राजगढ़ में भीषण गर्मी में लोगों को राहत देने के नाम पर जहर परोसा जा रहा था। सोमवार को देर शाम को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नकली मैंगो जूस बनाने वाले एक व्यक्ति को पकड़ा है। आरोपी रतीलाल सोनकर, निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश), आर्टिफिशियल स्वीटनर सक्रीन, रंग, शक्कर और चासनी मिलाकर जूस तैयार कर रहा था। इसे असली मैंगो जूस बताकर आम लोगों को बेचा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से तैयार जूस, शक्कर चासनी और सक्रीन के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। विभाग ने करीब 5 किलो सक्रीन भी जब्त की है। विशेषज्ञों के अनुसार, अधिक मात्रा में सक्रीन का उपयोग स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रतीलाल सोनकर बिना किसी वैध खाद्य लाइसेंस के यह कारोबार चला रहा था। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत पंचनामा बनाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में कुछ लोग सस्ते मुनाफे के लिए केमिकलयुक्त जूस बेचते हैं, जिससे आमजन के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
