उज्जैन के पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा हत्याकांड में अब परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हस्तक्षेप के बाद कनाडा से गुरकीरत सिंह का पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। परिवार को सोमवार को कनाडा एम्बेसी की ओर से एक ईमेल प्राप्त हुआ है, जिसमें आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर शव भारत भेजने की बात कही गई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि गुरुवार तक पार्थिव शरीर उज्जैन पहुंच सकता है। 14 मार्च को कनाडा में हुई थी हत्या गुरकीरत सिंह मनोचा की 14 मार्च 2026 को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन (ब्रिटिश कोलंबिया) में कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही परिजन शव को उज्जैन लाने के लिए प्रयासरत थे। 15 मार्च को मामला मीडिया में आने के बाद 16 मार्च को जिला कलेक्टर रोशन सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने परिजनों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और पूरी जानकारी शासन तक पहुंचाई। आर्थिक तंगी के चलते परिवार ने मांगी मदद परिजनों ने कनाडा जाकर अंतिम संस्कार करने में असमर्थता जताते हुए मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री को ईमेल भी किया था। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि या तो सरकार उनकी मदद से परिवार के दो सदस्यों को कनाडा भेजे या फिर शव को उज्जैन लाने की व्यवस्था की जाए। दरअसल, कनाडा सरकार ने बॉडी देने के लिए करीब 40 हजार डॉलर (लगभग 35 लाख रुपए) जमा कराने को कहा था। इतना ही नहीं, जांच प्रक्रिया के कारण अस्पताल से बॉडी 15 दिन बाद ही देने की बात सामने आई थी। परिवार ने बताया कि बॉडी को कनाडा से उज्जैन लाने में करीब 10 लाख रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा, जो वहन करना परिवार के बस में नहीं है। सीएम के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 17 मार्च को उज्जैन पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उनके निर्देश पर प्रशासन ने मामले को विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के संज्ञान में लाया। परिवार की ओर से MADAD पोर्टल पर शिकायत (Grievance ID: CA0MTR899485226) भी दर्ज कराई गई, जिसके बाद भारतीय उच्चायोग ने कनाडा प्रशासन से संपर्क कर प्रक्रिया तेज करवाई। समन्वय के बाद मिला सकारात्मक जवाब इस पूरे मामले में नोडल के रूप में अभिलाष जैन द्वारा मीडिया, शासन और प्रशासन के बीच समन्वय करते हुए जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। इसके बाद कनाडा सरकार की ओर से मेल भेजकर जल्द शव भारत भेजने की प्रक्रिया पूरी करने की जानकारी दी गई। परिवार ने जताया आभार, की न्याय की मांग मृतक के पिता गुरजीत सिंह मनोचा ने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने आर्थिक सहायता, शीघ्र पार्थिव शरीर लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ये खबर भी पढ़ें… 1. कनाडा से शव लाने के लिए पीएम से गुहार उज्जैन के छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा का शव कनाडा से लाने के लिए परिवार ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है। परिवार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। गुरकीरत की 14 मार्च को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में पिटाई के बाद कार चढ़ाकर हत्या कर दी गई थी। पढ़ें पूरी खबर… 2. उज्जैन के स्टूडेंट को कनाडा में कार चढ़ाकर मार डाला मध्य प्रदेश के उज्जैन के एक छात्र की कनाडा में कॉलेज के छात्रों ने हत्या कर दी। 10-12 युवकों ने पहले छात्र की पिटाई की, फिर उस पर गाड़ी चढ़ा दी। छात्र को गंभीर चोटें आई थीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। वारदात 14 मार्च को फोर्ट सेंट जॉन शहर में हुई। पढ़ें पूरी खबर… 3. छात्र की डेडबॉडी देने कनाडा सरकार मांग रही 35 लाख कनाडा में कार से कुचले गए उज्जैन के छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की बॉडी भारत लाने में परिवार के सामने बड़ी आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। परिजन का कहना है कि कनाडा सरकार बॉडी देने के लिए करीब 40 हजार डॉलर (लगभग 35 लाख रुपए) जमा कराने को कह रही है। पढ़ें पूरी खबर…
