मैहर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक और स्वचालित सीढ़ी (एस्केलेटर) लगाई जाएगी। यह सुविधा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा है। इससे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही तेज और सुगम होगी। वर्तमान में मैहर स्टेशन पर एक एस्केलेटर और दो लिफ्ट की सुविधा पहले से उपलब्ध है। वहीं, सतना जंक्शन पर हाई-टेक सुविधाओं का विस्तार नहीं हो पाया है। वर्तमान में सतना स्टेशन पर केवल एक लिफ्ट और एक एस्केलेटर उपलब्ध है। कोरोना काल से पहले दूसरी लिफ्ट लगाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन यह अभी तक कागजों तक ही सीमित है। हालांकि, स्टेशन के पुनर्निर्माण प्रोजेक्ट में 25 लिफ्ट और 24 एस्केलेटर प्रस्तावित हैं। मैहर स्टेशन के पुनर्विकास के लिए रेलवे ने करीब 21.4 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट निर्धारित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त 2023 में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसकी आधारशिला रखी थी। इस प्रोजेक्ट को दो साल में पूरा किया जाना था, लेकिन अभी तक नया फुट ओवर ब्रिज तैयार नहीं हो सका है। वर्तमान में रैंप के लिए फ्रेम डाला गया है। नया एस्केलेटर फुट ओवर ब्रिज तैयार होने के बाद ही लगाया जाएगा। मैहर स्टेशन पर फिलहाल दो फुट ओवर ब्रिज हैं। अमृत भारत प्रोजेक्ट के तहत 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज बनाया जा रहा है, जिसमें भी एस्केलेटर की सुविधा होगी। एस्केलेटर से यात्रियों को ये होगा फायदा
एस्केलेटर लग जाने से यात्रियों का एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म में जाना फास्ट मूवमेंट होगा।इसके साथ ही बुर्जुग एवं दिव्यांग यात्रियों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी।एफओबी से उत्तरने एवं चढ़ने की सुविधा। स्टेशन मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि अभी रेलवे स्टेशन मैहर के प्लेटफार्म एक मे अभी एक ही एस्केलेटर लगा हुआ है लेकिन आने वाले समय मे प्लेटफार्म नम्बर 1 और दो में एक एस्केलेटर और लग जायेगा।यानी कि अब दो हो जाएंगे। इसका कार्य अभी प्रगति पर है।
