रेवाड़ी शहर में दिल्ली जयपुर हाइवे पर कसौला चौक के पास ऑटो व ट्रॉले की टक्कर से ऑटो पलटने से उसमें सवार साढ़े 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। ट्रॉले की टक्कर से ऑटो पलट गया और उसमें सवार यात्रियों को भी चोटें आई। मूल रूप से मध्यप्रदेश के परिवार खाटू श्याम मंदिर में पूजा कर वापस मानसेर लौट रहा था। सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने ट्रॉला ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। लोडिंग ऑटो में सवार था परिवार जानकारी के अनुसार मूलरूप से मध्यप्रदेश के पन्ना निवासी परिवार पिछले 7-8 साल से मानसेर में रह रहा है। परिवार का मुखिया लोडिंग ऑटो चलाता है। ऑटो में सवार होकर परिवार खाटू श्याम पूजा के लिए गया था। उनके साथ साढ़े 11 साल का भांजा सुमित कुमार भी गया था। वापसी में रात को कसौला चौक के पास ऑटो को ट्रॉले ने टक्कर मार दी। अन्य ऑटो सवारों को आई चोटें हादसे के दौरान ऑटो ड्राइवर मामा के साथ आगे कैबिन में बैठे सुमित के सिर में चोटें आईं और बाकी चार-पांच यात्री भी घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुमित को मृत घोषित कर दिया और बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि मामा की शिकायत पर ट्रॉला ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रॉला ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
