सतना शहर के सर्किट हाउस चौक के पास नगर निगम कार्यालय के ठीक बगल में सोमवार की दोपहर 2.30 बजे फ्लॉवर डेकोरेशन के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आस पड़ोस के घर एवं दुकान के लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। उठने वाले काले धुएं का गुबार एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। 10 दमकल वाहनों ने मिलकर काबू पाया
सूचना मिलने पर दमकल वाहन एवं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आग को काबू में करने का प्रयास शुरू कर किया। लगभग पौन घंटे की कड़ी मशक्कत और 10 दमकल वाहन पानी से आग पर काबू पाया जा सका। दुकान के संचालक शिव बंगाली ने बताया कि रोज की तरह कर्मचारी गोदाम में खाना खा कर निकले ही थे कि अचानक आग और धुआं देख कर कुछ समझ नहीं आया। आसपड़ोस के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आगजनी में लगभग 8 लाख का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार कलकत्ता फ्लॉवर डेकोरेशन की दुकान के पीछे उसी का गोदाम है जिसमें शादी एवं अन्य आयोजनों की सजावट का सामान रखा हुआ था। आग लगाने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल सका है। कमिश्नर और परिषद अध्यक्ष पहुंचे
नगर निगम कार्यालय के ठीक बगल में हुए इस घटनाक्रम के दौरान आयुक्त शेर सिंह मीना एवं परिषद अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी के अलावा विंध्य चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पटाखे की तरह फूट रहा था मीटर
आग इतनी भीषण थी कि गोदाम के पीछे तरफ बने मकान के बाहर लगा बिजली मीटर पटाखे की तरह फूट रहा था। घटना में इलाके के कई घरों की बिजली सप्लाई ध्वस्त कर दी है। कई घरों की सप्लाई लाइन की तारे भी झुलस गई है।
