Homeमध्यप्रदेशशिवना शुद्धिकरण निरीक्षण के दौरान बांध तोड़ने की अफवाह:बहस की स्थिति भी...

शिवना शुद्धिकरण निरीक्षण के दौरान बांध तोड़ने की अफवाह:बहस की स्थिति भी बनी; विधायक जैन बोले- कुछ लोग नहीं चाहते नदी साफ हो

मंदसौर की शिवना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के उद्देश्य से चल रहे शिवना शुद्धिकरण अभियान के तहत मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक विपिन जैन विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान ग्राम बादरी के पास स्थित बांध पर कुछ ग्रामीणों आपत्ति जताई और थोड़ी देर के लिए बहस की स्थिति बन गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और किसी प्रकार का बड़ा विवाद सामने नहीं आया। दरअसल, विधायक विपिन जैन की अगुवाई में शिवना शुद्धिकरण अभियान वर्ष 2025 में शुरू किया गया था। इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठन, कांग्रेसजन तथा आम नागरिक भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और शिवना नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। जहां-जहां पानी रुक रहा, वहां किया जा रहा निरीक्षण
अभियान के तहत नदी में जहां-जहां पानी का प्रवाह रुक रहा है या गंदा पानी मिल रहा है, उन स्थानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में विधायक विपिन जैन ग्राम बादरी के पास स्थित बांध क्षेत्र पहुंचे थे, जहां वे यह देख रहे थे कि नदी में गंदा पानी किन-किन स्थानों से मिल रहा है और पानी के प्रवाह में कहां बाधा आ रही है। निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने यह समझ लिया कि विधायक बांध को तोड़ने के उद्देश्य से आए हैं। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने पानी निकासी के मुद्दे पर विरोध जताया और बहस शुरू हो गई। हालांकि बाद में लोगों को समझाया गया कि निरीक्षण केवल नदी के प्रवाह और प्रदूषण के स्रोतों को देखने के लिए किया जा रहा है। समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई। रपट और बांध के सुधार की भी कही बात
निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद लोगों ने पहले से क्षतिग्रस्त बांध को दुरुस्त कराने की मांग भी रखी। इस पर विधायक ने बताया कि जहां रपट है वहां भी सुधार की आवश्यकता है और इसे लेकर आगे कार्रवाई की जाएगी। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक ने कहा
मंगलवार दोपहर की इस घटना का वीडियो रात में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद दैनिक भास्कर ने विधायक विपिन जैन से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि शिवना नदी में जहां-जहां पानी रुक रहा है, वहां उसे आगे निकालने का प्रयास किया जा रहा है। छोटी पुलिया के पास ठेकेदार से बात कर रास्ता खुलवाया गया है। वहीं रेलवे पुलिया के पास भी पानी रुका हुआ था, जहां रेलवे के ठेकेदार से कहकर पाइप डलवाया गया और पानी की निकासी करवाई गई। शिवना में बने दो डेम, पानी आगे बढ़ाने की कोशिश
विधायक ने बताया कि शिवना नदी पर दो डेम भी बने हुए हैं। ऐसे में प्रयास किया जा रहा है कि जहां तक संभव हो पानी का प्रवाह आगे बढ़े और नदी में ठहराव न रहे, ताकि सफाई अभियान प्रभावी तरीके से चल सके। “कुछ लोग नहीं चाहते कि शिवना शुद्ध हो”
विधायक विपिन जैन ने कहा कि मौके पर कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि बांध पहले से टूटा हुआ है और आसपास के लोग उसे ठीक कराने की मांग कर रहे थे। इस दौरान एक-दो लोग अलग तरह से बात करने लगे थे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि शिवना नदी पूरी तरह शुद्ध हो, लेकिन अभियान लगातार जारी रहेगा।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here