मध्य प्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर में सोमवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। रीवा जिले का एक युवक बैग में पॉलीथिन में लिपटा भ्रूण लेकर हाईकोर्ट पहुंच गया। गेट नंबर-6 पर सुरक्षा जांच के दौरान जब सुरक्षाकर्मियों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें भ्रूण मिला। इसके बाद उसे सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम दया शंकर पांडे बताया। वह रीवा जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र के नदना गांव का रहने वाला है। युवक का कहना है कि हाल ही में हुए हादसे के बाद उसकी पत्नी का मिसकैरेज हो गया था। 1 मार्च को हुआ हादसा, 8 मार्च को हुआ मिसकैरेज
दयाशंकर पांडे के मुताबिक, 1 मार्च को वह पत्नी के साथ घर जा रहा था, तभी रास्ते में उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे में उसकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद 8 मार्च को पत्नी के गर्भ में पल रहे बच्चे का मिसकैरेज हो गया। सोमवार को हाईकोर्ट में उसकी याचिका पर सुनवाई तय थी। इसी सिलसिले में वह कोर्ट पहुंचा था। युवक का कहना है कि दस्तावेजों के साथ उसने भ्रूण भी बैग में रखा हुआ था। चुनाव लड़ने के बाद हमलों का आरोप दयाशंकर पांडे का आरोप है कि उसने 2024 में विधानसभा और लोकसभा का निर्दलीय चुनाव लड़ा था। चुनाव हारने के बाद से उस पर हमले होने लगे। उसका कहना है कि पिछले कुछ सालों में उस पर और उसके परिवार पर 4-5 बार हमले हो चुके हैं। उसने इन घटनाओं की शिकायत स्थानीय थाना पुलिस से भी की, लेकिन उसके मुताबिक हर बार उससे पुख्ता सबूत लाने को कहा गया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आईजी-कमिश्नर से भी की थी शिकायत दयाशंकर का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंचाई। आईजी और कमिश्नर को भी आवेदन दिया, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। राष्ट्रपति को पत्र लिखकर मांगी इच्छामृत्यु युवक का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों और कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर उसने राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की मांग भी की है। पुलिस ने समझाइश देकर दफनाया भ्रूण सीएसपी सोनू कर्मी ने बताया कि हाईकोर्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़कर सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले किया था। पुलिस ने युवक को समझाइश दी और उसकी मौजूदगी में करिया पाथर श्मशान घाट में भ्रूण को दफनाया गया। सिविल लाइन पुलिस ने रीवा के बैकुंठपुर थाना पुलिस से भी संपर्क किया है। युवक को भरोसा दिलाया गया है कि उसकी शिकायत पर पुलिस आवश्यक मदद करेगी।
