भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गई। जीत के बाद देशभर की तरह ग्वालियर में भी जश्न का माहौल देखने को मिला। शहर के कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों ने मैच देखा। क्रिकेट प्रेमी अपने दोस्तों और परिवार के साथ मुकाबले का आनंद लेते नजर आए। जैसे ही भारत की जीत तय हुई, ग्वालियर में ऐतिहासिक जश्न शुरू हो गया। महाराजा बाड़ा पर पहले से ही उत्साह का माहौल बन गया था और देखते ही देखते सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। जोरदार आतिशबाजी, रंग और गुलाल के साथ शहरवासियों ने जीत का जश्न मनाया। लोगों का कहना है कि उन्हें पहले से ही जीत की उम्मीद थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया। टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। अहमदाबाद में टॉस हारकर भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 255 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई।
