Homeमध्यप्रदेशकार्यकर्ता ने तुड़वा दी शिवराज की कसम:टॉकीज में जमीन पर बैठे विजयवर्गीय;...

कार्यकर्ता ने तुड़वा दी शिवराज की कसम:टॉकीज में जमीन पर बैठे विजयवर्गीय; कीचड़ में लोट-पोट मंत्री; मंच टूटा, नेताजी धड़ाम

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। अचानक मंच टूटा, गिर पड़े नेता जी सिंगरौली में होली मिलन के एक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का जोश ऐसा उफान पर आया कि मंच उसका भार नहीं झेल पाया। हुआ ये कि मुख्य अतिथि बनकर आए भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह मंच पर थे। उनके आसपास समर्थकों की भीड़ इस कदर उमड़ी कि मंच ने भी शायद सोचा होगा- भाई, अब मुझसे नहीं होगा। बस फिर क्या था, अगले ही पल मंच धड़ाम… और नेता जी समेत कई लोग सीधे नीचे। लेकिन गिरते ही समर्थकों ने तुरंत नेता जी को उठाया और माहौल में जोश भरने के लिए एक समर्थक ने माइक पर कहा- ये हिंदुओं का कार्यक्रम है और हिंदू कभी झुकते नहीं हैं। फिर क्या था, नेता जी भी फौरन खड़े हुए और भगवान राम का जयकारा लगवा दिया। हालांकि, बाद में जिला अध्यक्ष ने इसे कार्यकर्ताओं का उत्साह बताया। लेकिन साथ में ये सीख भी दे दी कि उत्साह अच्छी बात है। बस उसमें अति-उत्साह न हो। कार्यकर्ता ने पहना दी शिवराज को माला एक कार्यकर्ता के अति उत्साह ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की कसम तुड़वा दी। दरअसल, कार्यकर्ता लगातार उनके पीछे घूमता रहा और मौका मिलते ही शिवराज सिंह को माला पहना दी जबकि शिवराज सिंह पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वे फूलमालाओं से अपना स्वागत नहीं कराएंगे और न ही कोई स्मृति चिह्न स्वीकार करेंगे। बता दें कि अपने जन्मदिन के मौके पर शिवराज सिंह चौहान, पत्नी साधना सिंह के साथ विदिशा के एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक कार्यकर्ता माला लेकर उनके पीछे-पीछे घूमता रहा। मंदिर के अंदर एक ऐसा मौका आया, जब शिवराज सिंह किसी से बात कर रहे थे… तभी कार्यकर्ता ने झट से आगे बढ़कर उन्हें माला पहना दी। अब लोग कह रहे हैं कि भले ही कार्यकर्ता ने यह काम उत्साह में किया हो, लेकिन उसने अनजाने में ही माला से स्वागत नहीं कराने की शिवराज सिंह की कसम तुड़वा दी। जमीन पर बैठे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का अलग ही अंदाज देखने को मिला। वे बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 साल की यात्रा पर आधारित फिल्म ‘शतक’ देखने थिएटर पहुंचे, लेकिन सीटें खाली नहीं थीं। सिनेमा हॉल में इतनी भीड़ थी कि बैठने की जगह नहीं मिली। ऐसे में मंत्री विजयवर्गीय अपने समर्थकों के साथ जमीन पर ही बैठ गए और वहीं से फिल्म देखते रहे। इसका वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि विजयवर्गीय करीब 450 कार्यकर्ताओं के साथ फिल्म देखने पहुंचे थे। फिल्म खत्म होने के बाद उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि ‘शतक’ फिल्म सब मिलकर देखें, इसलिए वे भी उनके साथ थिएटर पहुंच गए। अब इस पर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। लोग कह रहे हैं कि कैलाश विजयवर्गीय राजनीति के पुराने खिलाड़ी हैं, वे यूं ही कोई काम नहीं करते। जमीन पर बैठकर फिल्म देखने के पीछे शायद कोई संदेश भी छिपा है। कहीं ये संदेश तो नहीं कि उन्हें ‘कुर्सी’ का कोई मोह नहीं है। मंत्री दिलीप अहिरवार ने कीचड़ में खेली होली होली पर मध्य प्रदेश में जमकर रंग-गुलाल उड़ा। नेताओं पर भी होली का खुमार कुछ ज्यादा ही चढ़ा नजर आया। हालात ऐसे रहे कि मंत्री दिलीप अहिरवार तो कीचड़ में ही लोट-पोट हो गए। छतरपुर में मंत्री दिलीप अहिरवार ने अपने दोस्तों और समर्थकों के साथ जमकर होली खेली। पहले एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया, फिर ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर थिरकते रहे। फिर देखते ही देखते उत्साह इतना बढ़ा कि मंत्री जी अपने साथियों के साथ कीचड़ में कूद पड़े। समर्थकों ने एक-दूसरे को खींचकर कीचड़ में डाला और रंग की जगह कीचड़ ही मल दी। इस पूरी मस्ती का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, लोग इसे होली के त्योहार की मस्ती और उत्साह के तौर पर ही देख रहे हैं। होली के रंग में डूबी यह मस्ती भी लोगों को खूब पसंद आ रही है। इनपुट सहयोग – राजकुमार द्विवेदी (सिंगरौली), कपिल जैन (विदिशा), अभिषेक दुबे (इंदौर), राजेश चौरसिया (छतरपुर) ये भी पढ़ें – दिग्विजय के लिए गाया- सुरतिया हसीं हो, उमरिया जवां हो: शिवराज बने सिंगर, सीएम ने छेड़ा शोले का नगमा होली पर जमकर रंग और गुलाल उड़े। नेताओं पर भी होली की खुमारी कुछ ज्यादा ही छाई नजर आई। जिसे मौका मिला, उसने अपना टैलेंट दिखाया। किसी ने गाना गाया तो किसी ने डांस कर महफिल लूट ली। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here