रहली से 9 बार के विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि क्षेत्र की लंबित कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने के बाद वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा कि अब उनके पास क्षेत्र के लिए कोई दूसरा बड़ा काम नहीं बचा है। अंतिम लक्ष्य इस बांध का निर्माण पूरा कराना है, जिससे 20 से 25 हजार किसानों के परिवारों में समृद्धि आएगी। भार्गव मंगलवार को रहली विधानसभा क्षेत्र के बलेह में स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण करने पहुंचे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से जब भी बात होती है, वे कोपरा सिंचाई परियोजना को लेकर ही चर्चा करते हैं। बुधवार को उनके इस बयान का वीडियो सामने आया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई। बांध बनने से 28 गांवों को मिलेगा लाभ
पूर्व मंत्री ने कहा कि परियोजना को लेकर पहले जो अवरोध था, वह भी अब समाप्त हो गया है। सिंचाई की सुविधा मिलने से रहली क्षेत्र के रोन-कुमराई से लेकर पथरिया और दमोह के इलाकों तक के किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति बदलेगी। यहां के किसान पंजाब और हरियाणा के किसानों की तरह समृद्ध हो सकेंगे। भार्गव ने कहा कि क्षेत्र के लगभग सभी काम पूरे हो चुके हैं। अब उनका एक ही लक्ष्य कोपरा बांध बनवाना है। इसके बाद वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। 24 हजार एकड़ से ज्यादा जमीन को मिलेगी सिंचाई सुविधा
कोपरा सिंचाई परियोजना पूरी होने पर करीब 24,686 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी। इससे रहली विधानसभा के लगभग 28 गांवों के 11,700 किसानों को सीधा लाभ मिलने का अनुमान है। भार्गव के संबोधन में 20 से 25 हजार किसान परिवारों तक समृद्धि पहुंचाने की बात भी कही गई। लगातार 9 बार विधायक चुने गए हैं भार्गव
गोपाल भार्गव रहली विधानसभा सीट से लगातार 9 बार चुनाव जीत चुके हैं। वे मध्यप्रदेश के सबसे वरिष्ठ विधायकों में शामिल हैं। प्रदेश सरकार में पीडब्ल्यूडी और पंचायत एवं ग्रामीण विकास जैसे विभागों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अपने बयानों को लेकर वे अक्सर चर्चा में रहते हैं।
