इंदौर में एक वेब सीरीज की शूटिंग के दौरान कथित रूप से पुलिस कर्मियों द्वारा पैसे मांगने और बदसलूकी किए जाने के बाद पूरी प्रोडक्शन यूनिट ने काम रोक दिया और मुंबई लौट गई। यूनिट को शूटिंग के लिए इंदौर लाने वाले कलाकार कपिल खादीवाला ने वीडियो जारी कर पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताई और मामले में प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। कपिल खादीवाला के मुताबिक, वे हाल ही में वेब सीरीज की शूटिंग के लिए मुंबई से पूरी यूनिट को इंदौर लेकर आए थे, जिसमें राकेश दुग्गल और ईशा तलवार जैसे कलाकार भी शामिल थे। कपिल का कहना है कि उन्होंने टीम को आश्वस्त किया था कि इंदौर में बेहतर लोकेशन्स के साथ-साथ प्रशासन और पुलिस का भी सहयोग मिलेगा, जिससे स्थानीय होटल, कैटरिंग, टैक्सी और कलाकारों को रोजगार का अवसर भी मिलता। हालांकि, कपिल का आरोप है कि शूटिंग की अनुमति के लिए उन्हें एसीपी कार्यालय से लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक के चक्कर लगाने पड़े। कनाड़िया में शूटिंग के दौरान अभद्रता का आरोप कपिल खादीवाला ने आरोप लगाया कि कनाड़िया क्षेत्र में शूटिंग के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ जमा होने का हवाला देकर पैसे मांगे। उनके अनुसार, पैसे नहीं देने पर पूरी यूनिट को परेशान किया गया और महिला पुलिस कर्मियों व अन्य स्टाफ ने अभद्र व्यवहार किया। इसी घटनाक्रम के बाद टीम ने इंदौर में शूटिंग जारी रखने से इनकार कर दिया और मुंबई लौट गई। अब यूनिट किसी अन्य राज्य में शूटिंग करने पर विचार कर रही है। शिकायत के लिए पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचने के सवाल पर कपिल ने दावा किया कि वे नहीं मिले। उन्होंने कहा, “कमिश्नर साहब में तो सलमान खान से भी ज्यादा एटिट्यूड है, न जाने किस बात का घमंड है।” मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग कपिल ने कहा कि वे आमतौर पर इस तरह के वीडियो जारी नहीं करते, लेकिन मौजूदा अनुभव से आहत होकर उन्हें अपनी बात सार्वजनिक करनी पड़ी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव से इस मामले में दखल देने की अपील की है। उन्होंने दिसंबर 2024 में लालबाग में हुई फिल्म ‘गौरीशंकर गौहरगंज वाले’ की शूटिंग का भी जिक्र किया, जिसमें गोविंद नामदेव और बृजेंद्र काला जैसे कलाकार शामिल थे। कपिल के मुताबिक, तब भी पुलिस की अड़चनों के बाद मंत्री तुलसी सिलावट के हस्तक्षेप से अनुमति मिल सकी थी। उनका कहना है कि एक तरफ सरकार प्रदेश को शूटिंग हब बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाओं से शहर और राज्य की छवि को नुकसान पहुंचता है।
