नागपुर में व्यापारी के कर्मचारियों से 3.74 करोड़ रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने मंगलवार को बालाघाट जिले के डोरली गांव से करोड़ों की नकदी बरामद की। नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी शुभम को लेकर यहां पहुंची थी। उसकी निशानदेही पर एक खेत में भूसे के ढेर के नीचे छिपाई गई तीन बोरियां मिलीं। इनमें नोटों के बंडल भरे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद रकम 4 करोड़ रुपए से ज्यादा है। नकदी ग्राम पंचायत डोरली लाकर पुलिस की मौजूदगी में गिनती कराई गई। जीजा समेत मददगारों की भूमिका की जांच कर रही पुलिस पुलिस के मुताबिक, शुभम ने लूट की रकम जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में भूसे के नीचे छिपाई थी। 18 नवंबर की रात नागपुर के तुलसी नगर में हथियारबंद बदमाश व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से 3.74 करोड़ से भरी कार लूटकर भागे थे। कार खैरी इलाके में छोड़ दी थी। सुराग पर पुलिस बालाघाट पहुंची। अब पुलिस जीजा समेत मददगारों और आरोपियों की दूसरी वारदातों में भूमिका की जांच कर रही है।
