इंदौर के ग्रामीण हाट में सोमवार को 7 दिवसीय आदि बाजार का शुभारंभ हुआ है। इस दौरान केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके का अलग अंदाज देखने को मिला। जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य से उनका स्वागत किया तो मंत्री भी खुद को रोक नहीं पाए। वे कलाकारों के बीच पहुंचे और उनके साथ जमकर थिरके। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने आयोजन में स्थानीय नेतृत्व नहीं दिखने पर अफसोस जताया। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित क्षेत्रीय नेतृत्व के अन्य लोग भी यहां उपस्थित होते तो आयोजन का प्रचार-प्रसार और व्यापक स्तर पर हो सकता था। ग्रामीण हाट बाजार पीएम मोदी की सुखद कल्पना दुर्गादास उइके ने कहा कि ग्रामीण हाट बाजार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक सुखद और प्रेरक कल्पना है। जनजातीय समाज के जो कृषि उत्पाद हैं, जो वन उत्पाद है, उनका परंपरागत जो ज्ञान है, कला है, शिल्प है,वह जनजातीय समाज के पास संरक्षित है। उसको प्रोसेसिंग और अन्य तरीके से हाट बाजार के माध्यम से उनके जीवन में आर्थिक रूप से सशक्त करने का यह माध्यम है। वे अच्छे उद्ममी बन सके, उनकी संस्कृति, परंपरा है उनको समाज में उचित स्थान मिल सके, पूरे देशभर में हाट बाजारों के माध्यम से एक बाजार उपलब्ध कराने काम जनजातीय मंत्रालय करता है। ऐसे में स्थानीय नेतृत्व में इसकी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने इंदौर के लोगों से अपील की कि वे अपने पड़ोसियों, मित्रों और आसपास के लोगों तक आदि बाजार की जानकारी पहुंचाएं, ताकि देशभर से आए जनजातीय शिल्पकारों को अधिक से अधिक लोगों का समर्थन मिले। भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (ट्राइफेड) की ओर से आयोजित यह बाजार 23 से 29 नवंबर तक ग्रामीण हाट में लगाया गया है। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए जनजातीय शिल्पकार और उद्यमी अपने पारंपरिक हस्तनिर्मित उत्पादों, कलाकृतियों और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर रहे हैं। ये कलाकृतियां सिर्फ सजावटी वस्तुएं नहीं, इनके पीछे वर्षों की साधना मंत्री उइके ने कहा कि वे चाहते हैं कि आने वाले सप्ताहभर इस आयोजन पर अधिक चर्चा और विचार-विमर्श हो, ताकि देशभर से आए शिल्पकारों और कलाकारों का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। उन्होंने इंदौर के नागरिकों से स्वयं बाजार में आने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यहां प्रदर्शित कलाकृतियां केवल सजावटी वस्तुएं नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे जनजातीय समाज की परंपराएं, संस्कृति और कलाकारों की वर्षों की साधना छिपी है। एक ही स्थान पर देश के अलग-अलग जनजातीय अंचलों की कला और संस्कृति को देखने-समझने का अवसर मिल रहा है। आदि बाजार जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। 10 राज्यों के शिल्पकारों के उत्पाद बने आकर्षण आदि बाजार में मध्यप्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, असम, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों के शिल्पकारों ने स्टॉल लगाए हैं। यहां वरली और पट्टाचित्र पेंटिंग, ढोकरा शिल्प, तारकशी, कांथा कढ़ाई, पश्मीना शॉल, बिदरी कला, लौह शिल्प और पारंपरिक वस्त्र प्रदर्शित किए गए हैं। मध्यप्रदेश की महेश्वरी और चंदेरी वस्त्र कला, बाघ प्रिंट की साड़ियां और सूट भी आकर्षण का केंद्र हैं। इसके अलावा बांस से बनी घरेलू और सजावटी सामग्री, नारियल के खोल से तैयार वस्तुएं, जनजातीय चित्रकलाएं, प्राकृतिक शहद और स्थानीय जैविक उत्पाद भी उपलब्ध हैं। यहां आने वाले लोग सीधे शिल्पकारों से इन वस्तुओं को खरीद सकते हैं। जनजातीय समाज के आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम है ट्राइफेड केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय अंचलों में पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, वन उपज और प्राकृतिक संसाधनों का समृद्ध भंडार है। हुनर होने के बावजूद पहले शिल्पकारों को अपने उत्पादों के लिए उचित बाजार और अवसर नहीं मिल पाते थे। ट्राइफेड के माध्यम से उन्हें प्रदर्शन और विपणन के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 6 अगस्त 1987 को ट्राइफेड की स्थापना जनजातीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान भी शुरू किया गया है। इसके लिए 24 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि ज्वार, बाजरा, कोदो और कुटकी जैसे पारंपरिक उत्पादों को श्रीअन्न के रूप में पहचान मिली है। आदि बाजार जैसे आयोजन जनजातीय समुदाय को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ उनकी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाएंगे। रीवा, भोपाल और जबलपुर में भी होंगे आयोजन ट्राइफेड की महाप्रबंधक प्रीति मैथिल ने बताया कि मध्यप्रदेश में जनजातीय कला और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी आदि बाजार और आदि महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। इंदौर के बाद दिसंबर 2026 में रीवा, जनवरी 2027 में भोपाल में आदि महोत्सव तथा फरवरी और मार्च 2027 में जबलपुर में आदि बाजार प्रस्तावित हैं। शुभारंभ अवसर पर मंत्री उइके ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और शिल्पकारों से उनके उत्पादों तथा विपणन से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा भी की।
