सागर विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. हरीसिंह गौर की जन्म जयंती (गौर जयंती) 26 नवंबर को है। इसको लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। 26 नवंबर को तीन बत्ती स्थित गौर मूर्ति से विवि स्थित गौर मूर्ति तक निकलने वाली शोभायात्रा का यह 57वां साल है। डॉ. गौर की जन्म शताब्दी पर 26 नवंबर 1970 को यहां से पहली बार शोभायात्रा निकली थी, तब से यह यात्रा अनवरत जारी है। तीन बत्ती पर गौर मू्र्ति का लोकार्पण 1967 में हुआ था। सत्यम कला एवं संस्कृति संग्रहालय के संस्थापक दामोदर अग्निहोत्री के पास संरक्षित 1967-68 की म्युनिसिपल स्कूल की वार्षिक पत्रिका विकास से इस प्रतिमा निर्माण का बेहद रोचक इतिहास सामने आया है। तीन बत्ती पर डॉ. हरीसिंह गौर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए गठित छात्र समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता चतुर्भुज सिंह राजपूत ने इस पत्रिका में उस दौर की एक-एक घटना को कलमबद्ध किया है। उनके मुताबिक बॉम्बे के स्टूडियो में डॉ. गौर की कांस्य प्रतिमा का आकार लेना कला, अनुसंधान और वैचारिक मंथन का एक अनूठा सफर था। बॉम्बे के शिल्पकार को सौंपा मूर्ति बनाने का काम प्रतिमा निर्माण का जिम्मा बॉम्बे के शिल्पकार नागेश भवालकर को सौंपा गया था। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती डॉ. गौर के चेहरे-मोहरे, नैन-नक्श और उनके शारीरिक अनुपात को धातु में सजीव रूप से उतारने की थी। उस समय सागर विश्वविद्यालय के पास डॉ. गौर का कोई अधिकृत फोटो एलबम उपलब्ध नहीं था। स्मृति ग्रंथ में कुछ तस्वीरें जरूर थीं, लेकिन वे एक आदमकद थ्री-डायमेंशनल प्रतिमा बनाने के लिए नाकाफी थीं। पुत्री डोरोथी और पियून की दुर्लभ तस्वीरों ने तय किया नाप-जोख : तस्वीरों की तलाश के दौरान विवि के उस समय के पियून गणेश ने एक दुर्लभ साइड-पोज तस्वीर उपलब्ध कराई। इस प्रोफाइल तस्वीर से मूर्तिकार को कान, जबड़े और चेहरे के साइड एंगल को समझने में बड़ी मदद मिली। वहीं डॉ. गौर की पुत्री डोरोथी गणपति ने अपने पारिवारिक संग्रह से वर्ष 1944 की एक ऐतिहासिक तस्वीर दी। यह तस्वीर उस समय की थी जब डॉ. गौर लंदन के बकिंघम पैलेस में तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री लॉर्ड एटली के साथ किसी गंभीर विषय पर वार्तालाप कर रहे थे। मूर्तिकार भवालकर ने गणेश द्वारा दी गई साइड-पोज तस्वीर और लंदन वाली इस ऐतिहासिक फोटो को ही प्रतिमा की नाप-जोख और भाव-भंगिमा का मुख्य आधार बनाया। बदला मूर्ति का मॉडल मूर्तिकार ने सबसे पहले मिट्टी का प्रारंभिक मॉडल तैयार किया। शुरुआत में यह विचार था कि डॉ. गौर को विवि के कुलाधिपति के पारंपरिक दीक्षांत गाउन और चौकोर टोपी में दिखाया जाए। लेकिन जैसे ही गाउन और टोपी में क्ले मॉडल बनकर सामने आया, सब हैरान रह गए। उस मॉडल में डॉ. गौर का व्यक्तित्व झलकने के बजाय वह किसी चीनी साधु जैसा प्रतीत हो रहा था। इस पर डॉ. गौर की पुत्री डोरोथी ने शिल्पकार से मुलाकात कर पिता के वास्तविक स्वरूप की बारीकियां समझाईं। जिसके बाद मूर्तिकार ने पहले मॉडल को बदला। हाथ में आईपीसी या हिंदू लॉ: वैचारिक विवाद टालने चुना गया वास्तविक कोट-सूट प्रतिमा की भाव-भंगिमा और वेशभूषा को लेकर एक नया वैचारिक विवाद उठ खड़ा हुआ। समिति और विचारकों के बीच बहस छिड़ी कि डॉ. गौर के हाथ में कौन सी पुस्तक रखी जाए। एक पक्ष का तर्क था कि उनके हाथ में आईपीसी की पुस्तक दी जानी चाहिए, क्योंकि विधि विशेषज्ञ के रूप में आईपीसी पर उनकी कमेंट्री ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाई थी। जबकि दूसरे पक्ष का सुझाव था कि उनके हाथ में हिंदू लॉ की पुस्तक थमाई जाए, जिसमें उनके द्वारा किए गए सुधार ऐतिहासिक थे। जब दोनों पुस्तकों को लेकर मतभेद गहराने लगे, तब समिति ने एक व्यावहारिक और सर्वसम्मत निर्णय लिया। तय किया गया कि किसी पुस्तक के फेर में न पड़कर डॉ. गौर को उनकी वास्तविक पाश्चात्य वेशभूषा यानी कोट, पैंट और टाई (सूट-बूट) में ही ढाला जाए। बॉम्बे की भट्ठी में ढली कांस्य प्रतिमा, 5 अगस्त 1967 को पहुंची सागर बॉम्बे में डॉ. गौर की भव्य आदमकद कांस्य प्रतिमा की ढलाई पूरी हुई। 5 अगस्त 1967 को यह बहुप्रतीक्षित कांस्य प्रतिमा बॉम्बे से सागर पहुंची। शहर आगमन पर इसे सम्मानपूर्वक सदर ऑक्ट्रॉय दफ्तर (सदर नाके) में सुरक्षित रखवाया गया, जिसके बाद इसके अनावरण की तैयारियां शुरू हुईं।
