सागर के बरगद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती 16 वर्षीय छात्रा ने वार्ड बॉय पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोप है कि 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे छात्रा सो रही थी, तभी वार्ड बॉय राजा बंसल उसके पास पहुंचा और हाथ पकड़ लिया। नींद खुलने पर उसने कंबल के ऊपर से गलत तरीके से छुआ और मोबाइल देकर कहा- तुम अच्छी लगती हो, बात करनी है, अपना नंबर दो। छात्रा ने मना किया तो उसने दोबारा गलत हरकत की। उस समय परिवार का कोई सदस्य पास नहीं था। सुबह बुआ की बेटी के पहुंचने पर छात्रा ने उसे आपबीती बताई। जानकारी मिलने पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। छात्रा के साथ हुई यह छेड़छाड़ की घटना वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। अस्पताल ने नौकरी से निकाला, आरोपी पर केस दर्ज पुलिस को दिए बयान में नाबालिग ने बताया कि वह 10वीं की छात्रा है। दो दिन पहले वह माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से लौट रही थी, तभी बरौदा के पास उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में घायल होने पर उसे 20 नवंबर को बरगद अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत पर वार्ड बॉय के खिलाफ पॉक्सो में केस दर्ज किया है। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी को नौकरी से निकाल दिया है।
