बैतूल निवासी प्रखर जैन का बचपन से सपना था कि न्यायाधीश बनकर पीड़ितों को न्याय दिलाएं। उनका यह सपना पूरा भी हुआ। भोपाल में पहली पोस्टिंग मिली और छह महीने तक न्यायाधीश के पद पर रहीं। इस दौरान उनके सामने तलाक के कई ऐसे मामले आए, जिनमें जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाने वाले दंपती अलग होने के लिए अदालत पहुंचे थे। लगातार ऐसे मामले देखने के बाद उनके मन में जीवन और आत्मकल्याण को लेकर विचार आया। आखिरकार उन्होंने आध्यात्मिक मार्ग चुन लिया। अब वे आर्यिका 105 सुवेधा श्री कहलाएंगी। सीए और आर्टिस्ट ने ली दीक्षा सोनागिर में रविवार को तीन दिवसीय दीक्षार्थी महोत्सव के समापन पर पांच महिलाओं ने दीक्षा लेकर वैराग्य का मार्ग अपनाया। दीक्षा लेने वालों में चार्टर्ड अकाउंटेंट, पेंटिंग आर्टिस्ट और समाजसेवी भी हैं।
