बालाघाट के नाहरवानी में 20 साल के रियांश चौहान को गर्लफ्रेंड के पिता और भाई ने 10 लाख रुपए की सुपारी देकर मरवा दिया। 16 नवंबर की रात चार युवकों ने युवक को बुलाया। परासपानी की मढ़ई से सुनसान जगह ले गए। पहले शराब पिलाई, फिर लोहे के एंगल से सिर पर वार कर मार डाला। रियांश का युवती से तीन साल से अफेयर था। इससे नाराज पिता और भाई ने चार युवकों को हत्या के लिए तैयार किया। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को एक्टिवा के साथ सड़क किनारे रख दिया, ताकि हत्या को एक्सीडेंट दिखाया जा सके। पुलिस ने पांच दिन की जांच के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें युवती के पिता-भाई के साथ हटा थाने की स्पेशल पुलिस सहयोगी टीम में पदस्थ यश पटेल भी शामिल है। एक अन्य आरोपी फरार है। पहले भी रियांश और युवती के भाई के बीच हुआ था विवाद रियांश कृषि विषय से बीए की पढ़ाई कर रहा था। उसका नाहरवानी की ही एक युवती से करीब तीन साल से प्रेम संबंध था। युवती के पिता जीवन पटेल और भाई आशुतोष पटेल इस रिश्ते के खिलाफ थे। पुलिस के मुताबिक, रियांश और आशुतोष के बीच पहले भी कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी नाराजगी में युवती के पिता और भाई ने रियांश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों ने चार युवकों को 10 लाख रुपए का लालच देकर हत्या की जिम्मेदारी सौंपी थी। मढ़ई से बुलाकर सुनसान जगह ले गए पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर की रात चारों युवक परासपानी की मढ़ई पहुंचे। वहां रियांश मौजूद था। आरोपी उसे गर्लफ्रेंड से बातचीत कराने के बहाने अपने साथ सुनसान जगह ले गए। वहां उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद आरोपियों ने लोहे के एंगल से रियांश के सिर के पिछले हिस्से पर वार किया। वह बेसुध हो गया तो आरोपियों ने दोबारा वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को करीब 300 मीटर तक ले जाकर सड़क किनारे एक्टिवा के पास रख दिया, जिससे मामला सड़क हादसा लगे। यह दूरी एसपी के पहले दिए गए बयान के मुताबिक है। परिवार को रात 3 बजे बताया था एक्सीडेंट 17 नवंबर को पुलिस को लोहारा-परासपानी मार्ग पर बंधा तालाब के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव के पास एक्टिवा भी खड़ी थी। रियांश के परिजनों को रात करीब 3 बजे उसके एक्सीडेंट की सूचना दी गई थी। परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें घटना पर संदेह हुआ। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी मौत को हादसा नहीं, बल्कि हत्या बताया गया। इसके बाद हट्टा पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस एसपी मलय जैन के निर्देश पर एसडीओपी लांजी दीपक तोमर और हट्टा थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया। इसके बाद CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने 16 नवंबर की रात आरोपियों की आवाजाही और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। अलग-अलग पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। हत्या के बाद पुलिस सहयोगी यश भी कर रहा था तलाश गिरफ्तार आरोपियों में यश पटेल हट्टा थाने की विशेष पुलिस सहयोगी टीम में पदस्थ था। पहले वह पुलिस के साथ आरोपियों की तलाश में भी जुटा था। गांव का होने के कारण पुलिस ने उसे संदिग्धों का पता लगाने की जिम्मेदारी दी थी। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें यश पारधी पंवार (20), निवासी शिवनाली टोला, परासपानी; यश पटेल (20), निवासी परासपानी; विकास उर्फ बग्गा चौधरी (27), निवासी परासपानी; आशुतोष पटेल (20) और उसके पिता जीवन पटेल (46), दोनों निवासी नाहरवानी शामिल हैं। एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। कपड़े, मोबाइल और खून से सनी मिट्टी जब्त पुलिस ने आरोपियों के वारदात के समय पहने कपड़े, मोबाइल फोन और मुख्य घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी जब्त की है। जांच के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 49, 3(5) और 238 भी जोड़ी गई हैं। मां बोलीं- पहले भी हुआ था विवाद, आरोपियों को गिरफ्तार करें रियांश की मां सुनीता चौहान ने पहले भी बेटे के प्रेम संबंध और युवती के परिवार से विवाद की बात कही थी। उन्होंने पुराने स्कूल विवाद और घटना से पहले हुए एक अन्य विवाद का भी जिक्र किया था। मां ने कहा था कि अगर पुलिस पैसों के दबाव में कार्रवाई नहीं करेगी तो वह पुलिस को भी नहीं छोड़ेंगी। विधायक मधु भगत ने परिवार से की मुलाकात घटना के बाद विधायक मधु भगत रियांश के परिवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने परिवार को आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। विधायक ने आरोपियों को जूते की माला पहनाकर जुलूस निकालने की बात भी कही थी। परिवार के मुताबिक, रियांश की मौत से एक दिन पहले ही वह मंडई मेले के कार्यक्रम को लेकर विधायक से मिला था। …………………. यह खबर भी पढ़ें 40 सेकंड तक चीखती रही बहन, स्कार्फ से गला घोंटा इंदौर के कालानी नगर में पिता राजू यादव और बेटी हर्षिता की हत्या के मामले में नए खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों हत्याओं का मुख्य आरोपी हर्ष यादव (28) राजू यादव का सगा बेटा नहीं, बल्कि गोद लिया हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…
