Homeदेशदिल्ली से अगवा 8 महीने का बच्चा यूपी से मिला:3 बेटियों वाले...

दिल्ली से अगवा 8 महीने का बच्चा यूपी से मिला:3 बेटियों वाले दंपती ने वारिस की चाह में किडनैप किया था; तीन गिरफ्तार

दिल्ली के पांडव नगर से शनिवार को अगवा किए गए 8 महीने के बच्चे को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव से बरामद कर लिया है। मामले में एक दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे की मां ई-रिक्शा चलाती है। वह काम पर गई थी और बच्चा केयरटेकर की देखरेख में था। इसी दौरान एक व्यक्ति उसे लेकर फरार हो गया। मां की शिकायत पर मंडावली थाने में अपहरण का केस दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि आरोपी दंपती की पहले से तीन बेटियां हैं। वे परिवार का नाम और विरासत आगे बढ़ाने के लिए बेटा चाहते थे। पुलिस अब इस मामले में बाल तस्करी के पहलुओं की भी जांच कर रही है। केयरटेकर के बयान से मिली शुरुआती जानकारी पुलिस ने बताया कि पूछताछ में केयरटेकर ने जानकारी दी कि वह सुबह करीब 11:30 बजे गणेश नगर से कुछ सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई, जो बाद में बच्चे को लेकर चला गया। इसके बाद पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और आरोपी के भागने के संभावित रास्तों की जांच की। फुटेज में एक व्यक्ति बच्चे को लेकर भागता दिखाई दिया। ऑटो-रिक्शा चालकों से पूछताछ में आरोपी की गतिविधियों का पता अक्षरधाम की तरफ चला। मिनी ट्रक के ड्राइवर तक पहुंची पुलिस जांच के दौरान पुलिस ने एक मिनी ट्रक के ड्राइवर ऋषिपाल (40) की पहचान की। वह मथुरा का रहने वाला है और ट्रक चलाता है। पुलिस को पता चला कि ऋषिपाल ने बच्चे को अलीगढ़ जिले के वाजिदपुर गांव में छत्रु नाम के व्यक्ति को सौंपा था। पुलिस के मुताबिक, छत्रु (50) पेशे से किसान है। उसकी पत्नी कुसमा (45) भी इस मामले में आरोपी है। दोनों वाजिदपुर गांव के रहने वाले हैं और छत्रु, ऋषिपाल का दूर का रिश्तेदार है। एक साल पहले बनाई थी बच्चे को पाने की योजना पुलिस के अनुसार, छत्रु और कुसमा ने करीब एक साल पहले ही एक बेटे को पाने की योजना बनाई थी। उनकी तीन बेटियां हैं। वे परिवार का नाम और विरासत आगे बढ़ाने के साथ बुढ़ापे में देखभाल के लिए भी बेटा चाहते थे। पुलिस टीम ने पूछताछ और तलाशी अभियान के बाद बच्चे को गांव से बरामद किया। अपहरण के 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, किसी भी आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। ————————– यह खबर भी पढ़ें… मुंबई में कपल से मारपीट, युवक को लात-घूंसों से पीटा: महिला से भी हाथापाई; गार्डन में फोटो खींचते समय हमला किया, 8 नाबालिगों पर FIR मुंबई के कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास एक म्युनिसिपल गार्डन में एक युवक और उसकी महिला दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों वहां फोटो खींच रहे थे, तभी आठ नाबालिगों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने 8 नाबालिग लड़कों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पूरी खबर पढ़ें…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here