Homeमध्यप्रदेशस्ट्रेचर पर लाश रखकर CM हाउस के पास चक्काजाम:जेल में बंद छात्र...

स्ट्रेचर पर लाश रखकर CM हाउस के पास चक्काजाम:जेल में बंद छात्र की मौत; परिजन बोले-पुलिस ने शव फेंककर सौंपा, जेलर पर कार्रवाई की मांग

भोपाल में जेल में बंद छात्र की मौत के बाद परिजन शव स्ट्रेचर पर रखकर CM हाउस की ओर बढ़े। करीब 400 मीटर पहले चक्काजाम किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी पॉलिटेक्निक से न्यू मार्केट की ओर बढ़े। उन्होंने ‘पुलिस मुर्दाबाद’ और ‘छात्र के हत्यारों को फांसी दो’ के नारे लगाए। प्रदर्शन खत्म होने के बाद यातायात सामान्य हुआ। 21 साल के हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वह दो महीने से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद था। परिजन का आरोप है कि बीमार होने के बावजूद उसे जेल में समय पर इलाज नहीं मिला। जेल में डॉक्टर ने पैसों की मांग की थी। भाई बोला- पुलिस ने शव फेंककर दिया मृतक के भाई आशीष चौहान ने आरोप लगाया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शाम 6 बजे पुलिस ने एंबुलेंस दिए बिना शव सौंप दिया। पुलिस ने शव फेंककर दिया। परिजन ने जेल अधीक्षक और जेलर की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की। उनका यह भी कहना है कि हर्षित के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और उसे झूठे मामले में फंसाया गया था। ये तस्वीरें देखिए… पोस्टमॉर्टम में देरी पर परिजन मॉर्चुरी के बाहर नाराज शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी पर परिजन मॉर्चुरी के बाहर नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस और जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद शव स्ट्रेचर पर रखकर CM हाउस की ओर रवाना हो गए। प्रदर्शनकारियों ने ‘पुलिस मुर्दाबाद’ और ‘छात्र के हत्यारों को फांसी दो’ के नारे लगाए। परिजन का आरोप है कि पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपने में लापरवाही की और उसे फेंककर परिजनों को दिया। वे जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे। CM हाउस से 400 मीटर पहले किया चक्काजाम प्रदर्शनकारियों ने CM हाउस से करीब 400 मीटर पहले चक्काजाम किया। इसके बाद वे शव स्ट्रेचर पर रखकर पॉलिटेक्निक से न्यू मार्केट की ओर बढ़े। इस दौरान सड़क पर भी जाम लग गया। मौके पर सात थानों की पुलिस तैनात थी। कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस के आला अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वे जेल सुपरिंटेंडेंट और जेलर की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शन खत्म होने के बाद यातायात सामान्य हुआ। परिजन बोले- जेल में इलाज के लिए पैसे मांगते थे डॉक्टर हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने जेल की मेडिकल व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले जेल में हर्षित से मिलने पर उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। चाचा के मुताबिक, इलाज के बारे में पूछने पर हर्षित ने बताया था कि जेल के डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांगते हैं। उसने कहा था कि अस्पताल जाने पर डॉक्टर उसे रोज ड्रामा करने की बात कहकर वापस भेज देते थे। जेल में और परेशानी होने के डर से वह शिकायत करने से घबराता था। आवेदन देने के बाद भी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया हर्षित ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने मारपीट और लूटपाट के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल में उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। परिवार ने कई बार आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि आवेदन देने के बावजूद जेल प्रशासन ने कोर्ट को हर्षित की तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी। उनके मुताबिक, हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। हालत बिगड़ने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। वेंटिलेटर पर था छात्र, पैरों में बेड़ियां थीं परिजन ने इलाज के दौरान हर्षित के पैरों में बेड़ियां होने पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में वह वेंटिलेटर पर और पैरों में बेड़ियों के साथ नजर आ रहा है। उल्टी-दस्त की शिकायत थी, इलाज चल रहा था : जेल अधीक्षक जेल सुपरिंटेंडेंट मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि हर्षित को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। जेल के डॉक्टर उसका इलाज कर रहे थे। डॉक्टर ने भी उसे इसी बीमारी से पीड़ित बताया था। इसकी जानकारी कोर्ट को दी गई थी। उन्होंने बताया कि हर्षित की मौत न्यायिक अभिरक्षा में हुई, इसलिए यह कस्टोडियल डेथ का मामला है। इसकी न्यायिक जांच शुरू हो गई है। अस्पताल में उसे नियमानुसार रखा गया था। हर्षित के परिवार में माता-पिता, एक भाई और बहन हैं। उसके पिता गोदाम में काम करते हैं। बेटे की मौत से परिवार सदमे में है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here