मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो गई है। कटनी के करौंदी में पारा सबसे कम 7.2 डिग्री पहुंच गया है। वहीं, भोपाल-जबलपुर समेत 7 शहरों में 10 डिग्री के नीचे है। IMD (मौसम केंद्र) की मानें तो अब ठंड का ऐसा ही दौर बना रहेगा। प्रदेश में पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर है। इस वजह से रात का तापमान तेजी से लुढ़क रहा है। बीती रात करौंदी में 7.2 डिग्री, कल्याणपुर में 8 डिग्री, शाजापुर से जुड़े गिरवर में 9.1 डिग्री, उमरिया में 9.2 डिग्री, रीवा में 9.4 डिग्री, जबलपुर में 9.8 डिग्री और भोपाल में 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी से भी ठंडा भोपाल
इन दिनों पचमढ़ी में पारा 11 डिग्री के आसपास है। बीती रात यह 11.2 डिग्री रहा। दूसरी ओर, भोपाल और जबलपुर में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। यानी, भोपाल-जबलपुर प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा है। मौसम विभाग के अनुसार, दमोह-खजुराहो में 10 डिग्री, मलाजखंड में 10.1 डिग्री, रायसेन में 10.5 डिग्री, दतिया में 10.8 डिग्री, मंडला में 11 डिग्री, नौगांव में 11.2 डिग्री, ग्वालियर में 11.5 डिग्री, सतना में 11.7 डिग्री और सागर में 11.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। छिंदवाड़ा, गुना, श्योपुर, सीधी, धार, उज्जैन, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, इंदौर, सिवनी और बैतूल में 15 डिग्री से नीचे रहा। आज से 3 दिन प्रदेश में बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ की वजह से शुक्रवार से प्रदेश में मौसम बदलेगा। पहले दिन मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश का अलर्ट है। यहां पर 30 से 40Km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान भी है। 21 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और मंडला में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। वहीं, 22 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में बारिश हो सकती है। कमजोर होने से भारी बारिश नहीं
IMD की मानें तो तूफान का मध्य प्रदेश में असर कम रहेगा। इस वजह से भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। अब ठंड बढ़ेगी
जानकारी के मुताबिक, कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इस वजह से प्रदेश में ठंड का असर है। जब सिस्टम आगे बढ़ेगा, तब तेज सर्दी पड़ेगी। नवंबर में भोपाल-इंदौर-जबलपुर में बारिश का ट्रेंड
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ गया। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में, जहां उत्तरी हवाएं सीधी आती हैं, वहां पारा लुढ़का। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में रात का टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 2.3 डिग्री तक जा चुका है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर में इस महीने बारिश का ट्रेंड है। इस बार नवंबर के शुरुआत में भी बारिश का अलर्ट था। तीसरे और चौथे सप्ताह में सिस्टम एक्टिव होने से भी बारिश हो सकती है। मैप से समझें, 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम अब जानिए, नवंबर में 5 बड़े शहरों का मौसम… भोपाल: 10 साल में 3 बार बारिश हो चुकी
नवंबर में राजधानी में रात का तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। पिछले 10 साल से ऐसा ही ट्रेंड रहा है। इस बार भी दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से लुढ़केगा। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर में रात का तापमान 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। इस महीने बारिश होने का ट्रेंड भी है। 10 साल में तीन बार बारिश हो चुकी है। साल 1936 में महीने में साढ़े 5 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। इंदौर: 5.6 डिग्री तक जा चुका न्यूनतम पारा
इंदौर में ठंड का असर रहता है। खासकर दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से गिरता है। इस वजह से रातें ठंडी हो जाती हैं और टेम्प्रेचर 10 से 12 डिग्री के बीच रहता है। हालांकि, 25 नवंबर 1938 को पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका है। कभी-कभार बारिश भी हो जाती है। दिन में 31 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। ग्वालियर: 1927 में 3 इंच पानी गिरा था
पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वालियर में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। 54 साल पहले वर्ष 1970 में टेम्प्रेचर 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। 2 नवंबर 2001 को दिन का तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि यह सामान्य तौर पर 33 से 35 डिग्री के बीच रहता है। इस महीने बारिश भी होती है। 1927 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में 3 बार ऐसा ही मौसम रह चुका है। जबलपुर: 1946 में 6 इंच से ज्यादा बारिश
पिछले 10 साल में 2022 में न्यूनतम पारा 7.8 डिग्री तक जा चुका है। ओवरऑल रिकॉर्ड 12 नवंबर 1989 को दर्ज किया गया था, तब टेम्प्रेचर 3.9 डिग्री तक पहुंच गया था। 1946 में पूरे महीने 6 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में दो बार बारिश हो चुकी है। दिन में 30 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। उज्जैन: न्यूनतम तापमान 10-11° के बीच रहता है
यहां 30 नवंबर 1974 को रात का तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। वहीं, 6 नवंबर 2008 को दिन का तापमान 36.5 डिग्री रहा था। पिछले 10 साल की बात करें तो न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री के बीच रहा है, जबकि दिन में यह 33 से 35 डिग्री के बीच पहुंच चुका है।
