बैतूल के चिचोली में शराब छुड़ाने के नाम पर ग्रामीणों को जड़ी-बूटी का काढ़ा पिलाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। काढ़े में इस्तेमाल की गई जमरस पेड़ की छाल और उसके असर की जांच की जा रही है। बुधवार को काढ़ा पीने के बाद दो ग्रामीणों की मौत हो गई थी, जबकि पांच की तबीयत बिगड़ गई थी। मृतकों में इमलीढाना मलाजपुर निवासी संजय उईके (22) और देवगुण गांव के रामकिशोर झाड़े शामिल हैं। मामले का मुख्य आरोपी रमेश उइके (60) है। इसके अलावा ओझा परते (65) और शरद कवड़े (24) को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों को इन्हीं लोगों ने काढ़ा पिलाया था। वहीं आरोपी का कहना है कि उसने जबरदस्ती जान नहीं ली। एक शादी, दूसरा बेटे के लिए छोड़ना चाहता था शराब इस घटना के पीछे दो परिवारों के अधूरे सपने भी हैं। एक पिता अपने 22 साल के बेटे को शराब की लत से बाहर निकालकर उसकी शादी करना चाहता था। वहीं, दूसरा युवक अपने चार साल के बेटे के लिए शराब छोड़कर फिर से काम शुरू करना चाहता था। दोनों को उम्मीद थी कि यहां से उनकी जिंदगी बदल जाएगी, लेकिन कुछ ही देर में परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। बेटे की शादी के लिए पिता लेकर पहुंचा था चिचोली विकासखंड के इमलीढाना मलाजपुर के रहने वाले संजय उईके (22) को करीब एक साल से शराब पीने की लत थी। उसके पिता बब्बू उईके बेटे की शादी करना चाहते थे, लेकिन शराब की आदत के कारण परिवार परेशान था। संजय को भी कई बार समझाया गया कि वह शराब छोड़ दे। इसी बीच परिवार को राजा बैठक में भगत (तांत्रिक) द्वारा शराब छुड़ाने की जानकारी मिली। पिता अपने दूसरे बेटे के साथ संजय को लेकर वहां पहुंच गए। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद संजय शराब छोड़ देगा और उसकी शादी की तैयारियां शुरू हो सकेंगी। परिजन के मुताबिक, वहां जड़ी-बूटी का काढ़ा पीने के बाद संजय की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे उल्टियां हुईं और वह बेहोश हो गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। जिस बेटे को पिता शादी के बंधन में बंधते देखना चाहते थे, उसकी अर्थी उठानी पड़ी। घर से निकलते वक्त भाई से कहा- अब बेटे का भविष्य बनाना है दूसरे मृतक रामकिशोर झाड़े देवगुण गांव, आठनेर के रहने वाले थे। उनके छोटे भाई शिवकिशोर ने बताया कि रामकिशोर हार्वेस्टर चलाते थे। उन्हें शराब पीने की लत लग गई थी। परिवार के समझाने पर उन्होंने खुद शराब छोड़ने का फैसला किया था। शिवकिशोर के मुताबिक, घर से निकलते वक्त रामकिशोर ने उनसे कहा था कि अब पैसा कमाना है और अपने चार साल के बेटे का भविष्य बनाना है। इसलिए शराब छोड़नी पड़ेगी। गांव के ही एक व्यक्ति से राजा बैठक में शराब छुड़ाने की जानकारी मिलने पर रामकिशोर वहां पहुंचे थे। शिवकिशोर ने बताया कि भगत ने उन्हें काढ़े के दो गिलास दिए। इसे पीने के बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं। तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। रामकिशोर के परिवार को उम्मीद थी कि वह शराब छोड़कर फिर से काम पर लौटेंगे। उनका चार साल का बेटा भी है, जिसके भविष्य के लिए वह यह फैसला लेना चाहते थे। काढ़े में जहरीले तत्व की आशंका, विसरा जांच के लिए भेजा दोनों मृतकों का पोस्टमॉर्टम चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। बीएमओ डॉ. अभिनव शुक्ला के मुताबिक, दोनों का विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भोपाल की एफएसएल लैब भेजा गया है। शुरुआती तौर पर पॉइजनिंग की आशंका है। काढ़े में अल्कोहल या कोई जहरीला तत्व था या नहीं, इसकी पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद होगी। शराब छोड़कर सामान्य जिंदगी में लौटना चाहते थे बैतूल जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. रानू वर्मा के मुताबिक, बीमार हुए पांच ग्रामीणों के ईसीजी में बदलाव मिले थे। जांच में हार्ट मसल डैमेज के संकेत भी सामने आए। मरीजों की हार्ट रेट में भी गिरावट दर्ज की जा रही थी। डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। बेहतर इलाज के लिए सभी को भोपाल एम्स भेजा गया है। आरोपी बोला- 15 साल से दवा दे रहा, जबरदस्ती जान थोड़े ही लेता हूं… काढ़ा देने वाले आरोपी रमेश उईके के मुताबिक- मुझे लोगों की शराब छुड़वाने की दवा देते हुए 15 साल हो गए हैं। मैं किसी की जबरदस्ती जान थोड़े ही लेता हूं। ये लोग दो-दो दिन से खाना नहीं खाते हैं और भूखे पेट ही शराब पीकर दवा लेने आ जाते हैं। जब शरीर में खाना नहीं होगा और ऊपर से शराब पी रखी होगी तो शरीर की सारी नसें ढीली पड़ ही जाएंगी। मेरी दवा जहरीली नहीं है। यह पेड़ की जड़ से बनी देशी दवा है, जिसका काम सिर्फ उल्टी करवा कर शराब छुड़वाना है, अगर दवा जहरीली होती तो मैं 15 साल से इसे कैसे दे रहा होता? दवा पीने के बाद मरीज को उल्टी होती है और वह दिन भर बेसुध पड़ा रहता है। फिर शाम तक उसे होश आ जाता है और वह अपने घर चला जाता है। अब इन दो लोगों की मौत कैसे हो गई? इसके बारे में मुझे कुछ नहीं पता। इस घटना से मुझे कोई घबराहट नहीं है। ‘बाबा की कोई गलती नहीं, पहले भी कई लोग दवा लेकर छोड़ चुके हैं शराब’ ओमकार परते ने कहा- इस घटना में जिनकी मौत हुई, उनमें से एक का भतीजा हूं। मेरा मानना है कि दवा देने वाले बाबा की इसमें कोई गलती नहीं है। वे 10 साल से लोगों को शराब छुड़ाने की दवा दे रहे हैं। अब तक कई लोग यह दवा लेकर शराब की लत छोड़ चुके हैं और उनकी जिंदगी भी सुधरी है। सुनने में आया है कि जिन लोगों की मौत हुई, वे पहले से ही ज्यादा शराब पीकर आए थे। उन्होंने खाना भी नहीं खाया था। दवा पीने के बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं। यह भी पता चला है कि उन्होंने खुद ज्यादा दवा मांगी और पी थी। बाबा की दवा आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों से तैयार होती है। इसमें कोई केमिकल नहीं मिलाया जाता। इससे पहले कभी ऐसी घटना सामने नहीं आई। बाबा समाज सुधारने का काम करते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि इस मामले में उनकी कोई गलती नहीं है। ………………………….. यह खबर भी पढ़ें… MP- जहरीला जूस पिलाने से 2 की मौत, 5 गंभीर मध्य प्रदेश के बैतूल में बुधवार को शराब की लत छुड़ाने के नाम पर 7 लोगों को जहरीला जूस पिलाया गया। जड़ी-बूटी का घोल पीने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 की तबीयत बिगड़ गई। पूरी खबर पढ़ें
