शिवपुरी कोर्ट के बाहर गुरुवार को तलाक का केस लगाने पहुंचे पति-पत्नी और उनके परिजनों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पिपरघार गांव की सलमा की शादी करीब 6 साल पहले शिवपुरी की मनियर कॉलोनी के मुबारिक खान से हुई थी। उनका 4 साल का बेटा है। पिछले डेढ़ साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। सलमा फिलहाल अपनी मां और भाई के साथ मायके में रह रही थी। पति पर शराब के नशे में मारपीट का आरोप गुरुवार को सलमा और मुबारिक खान अपने-अपने परिजनों के साथ तलाक संबंधी केस लगाने न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान न्यायालय परिसर के बाहर दोनों पक्षों के बीच किसी बात पर विवाद शुरू हुआ और मारपीट होने लगी। सलमा का आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। इसी वजह से वह मायके में रह रही है। मुबारिक खान ने पत्नी पर चरित्र संबंधी आरोप लगाए हैं। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। उनकी शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
