मध्य प्रदेश भाजपा में लंबे समय से अटकी संगठनात्मक नियुक्तियों को पूरा करने और संगठन के भीतर समन्वय बनाने के लिए बुधवार को प्रदेश कार्यालय में दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। सुबह 10:30 बजे शुरू होने वाली बैठकों में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा करेंगे। बैठकें रात 8 बजे तक चलेंगी। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के निवास पर रात्रिभोज और दीपावली मिलन कार्यक्रम रखा गया है। बैठकों को लेकर पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वापसी का टिकट रात 10 बजे के बाद का ही रखें। माना जा रहा है कि इस दौरान जिलों से लेकर प्रदेश स्तर तक खाली पड़े पदों पर नियुक्तियों और संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा की जाएगी। लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को अंतिम रूप देने के लिहाज से इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिलों से मांगी चार तरह की जानकारी हाईकमान के निर्देश पर संभाग और जिला प्रभारियों को चार तरह की सूचियों के साथ बुलाया गया है। इनमें जिलों में खाली पड़े संगठनात्मक पदों, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्षों के रिक्त पदों और प्रकोष्ठों के खाली संयोजक पदों की जानकारी शामिल है। इसके अलावा प्रत्येक जिले से चार ऐसे प्रमुख नाम भी मांगे गए हैं, जिन्हें प्रदेश कार्यसमिति या कोर कमेटी में जगह देने पर विचार किया जा सके। इन नामों पर स्थानीय नेताओं से रायशुमारी करने के निर्देश भी दिए गए थे। छह घंटे संभागवार समीक्षा, मौके पर होंगे फैसले प्रदेश कार्यालय में सुबह 10:30 बजे सबसे पहले प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों की बैठक होगी। दोपहर 12 बजे से संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्षों की बैठक रखी गई है। इसके बाद दोपहर 2 से रात 8 बजे तक संभागवार समीक्षा होगी। इस दौरान शिवप्रकाश और प्रदेश नेतृत्व अलग-अलग संभागों के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। संगठन के कामकाज, लंबित नियुक्तियों और जिलों में समन्वय की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। सीएम की गैरमौजूदगी भी चर्चा में इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय है। बुधवार को ही मुख्यमंत्री ने मंदसौर में कैबिनेट बैठक रखी है। संगठन के एक धड़े के मुताबिक, प्रदेश पदाधिकारियों और जिला स्तर के नेताओं की इतनी बड़ी बैठक में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति असामान्य है। अब तक ऐसी बैठकों में मुख्यमंत्री की मौजूदगी रहती थी या व्यस्तता के बावजूद वे कुछ समय के लिए शामिल होते थे। बैठकों के बाद प्रदेश अध्यक्ष के निवास पर दीपावली मिलन दिनभर की संगठनात्मक समीक्षा के बाद रात 8 बजे संभागवार बैठकों का दौर खत्म होगा। इसके बाद सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और प्रभारियों को प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निवास पर रात्रिभोज और दीपावली मिलन के लिए आमंत्रित किया गया है। पार्टी की ओर से पदाधिकारियों को रात 10 बजे से पहले वापसी का टिकट नहीं कराने के निर्देश दिए गए हैं।
