सीधी जिले के चुरहट में सोमवार रात एक व्यक्ति ने पत्नी और 6 साल की बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में बेटी ऋतु केवट की मौत हो गई, जबकि पत्नी सावित्री घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी उमेश केवट ने अपने गले पर भी चाकू से वार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंमदर तालाब के पास की है। उमेश परिवार के साथ यहां मढ़ैया बनाकर रह रहा था। वह तालाब में सिंघाड़ा बोने का काम करता था। 3 दिन से बदला हुआ था पति का व्यवहार सावित्री ने बताया कि तीन दिन से उमेश का व्यवहार बदला हुआ था। वह अचानक गुस्सा हो जाता था। गाली-गलौज करता और मारने के लिए दौड़ता था। परिवार ने उसे ठीक करने के लिए झाड़-फूंक भी करवाई थी। उसका ध्यान रखा जा रहा था। सावित्री के मुताबिक, रविवार से उसके व्यवहार में कुछ सुधार दिख रहा था, लेकिन सोमवार रात उसने अचानक हमला कर दिया। खाट पर मां-बेटियों के साथ सो रही थी सावित्री सावित्री ने बताया कि वह अपनी दोनों बेटियों के साथ एक ही खाट पर लेटी थी। उमेश दूसरी खाट पर सो रहा था। इसी दौरान वह अचानक चाकू लेकर आया और सावित्री के मुंह पर वार कर दिया। इसके बाद 6 साल की ऋतु पर चाकू और हंसिया से हमला किया। गंभीर चोटें लगने से बच्ची की मौत हो गई। घायल पत्नी और बच्ची को रीवा अस्पताल ले गए उमेश मूल रूप से रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के बघवार गांव का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलने पर चुरहट पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सावित्री और बच्ची को रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। आरोपी उमेश के गले पर भी चाकू से चोट लगी है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर सीधी ले गई है। मामले की जांच की जा रही है।
