Homeमध्यप्रदेशपत्नी मायके गई, पति ने बेटी को जहर दे दिया:पुलिस पकड़ लेगी,...

पत्नी मायके गई, पति ने बेटी को जहर दे दिया:पुलिस पकड़ लेगी, इस डर से खुद भी कीटनाशक खा लिया

मैं चाहता था कि त्योहार पर पत्नी और बच्चे घर में रहें, लेकिन सुशीला मायके चली गई। उसने खेती का काम खत्म होने के बाद ही ससुराल लौटने की बात कही। इसी से नाराज होकर मैंने बेटी को जहर दे दिया। उसकी मौत होने के बाद लगा कि पुलिस मुझे पकड़ लेगी। इसी डर से खुदकुशी की कोशिश की। यह कबूलनामा उस पिता मोहित सिंह गोंड का है, जिसने अपनी ही 3 साल की मासूम बेटी रुचिका की जान ले ली। अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र के केकरपानी गांव में हुई इस वारदात के दो दिन बाद जब आरोपी को अस्पताल में होश आया तो उसने हत्या का राज खोला। आखिर क्यों बनी त्योहार की नाराजगी मासूम की मौत की वजह? मोहित की शादी 2021 में मात्र 2 किलोमीटर दूर गौरेला गांव की सुशीला से हुई थी। सुशीला अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। शादी से पहले ही दोनों परिवारों में यह सहमति बनी थी कि सुशीला ससुराल के साथ-साथ अपने माता-पिता और उनकी जमीन की भी देखरेख करेगी। मोहित के बड़े भाई नेमू सिंह और ससुर रमेश सिंह के अनुसार, मोहित कामकाज से जी चुराता था और न खेती देखता था, न मवेशी। वहीं, सुशीला दोनों घरों के खेतों की जिम्मेदारी संभालती थी। 5 नवंबर को वह धान की कटाई के लिए बच्चों (3 साल की रुचिका और नवजात शिवम) के साथ मायके आई थी। 8 नवंबर को मोहित भी ससुराल आकर दीपावली मनाकर लौटा था, लेकिन पत्नी के वहीं रुकने से उसके मन में गुस्सा पनप रहा था। खेलने के बहाने पिलाया जहर, नानी से बोली मासूम- ‘मैं मर जाऊंगी’ 12 नवंबर को मोहित फिर सुशीला के मायके पहुंचा। उस वक्त सुशीला, उसके पिता रमेश और बेटा शिवम खेत पर धान काट रहे थे। घर पर सिर्फ सुशीला की मां सुमित्रा बाई और 3 साल की रुचिका थीं। सुमित्रा बाई ने बताया- मोहित रुचिका के साथ खेलने लगा। थोड़ी देर बाद बच्ची ने आकर कहा कि पापा पानी मांग रहे हैं। मैंने पानी का गिलास दे दिया। करीब आधे घंटे बाद रुचिका रोते हुए घर के अंदर आई और बोली- नानी, पापा ने मुझे दवा पिला दी है। गले में बहुत जलन हो रही है। मैं मर जाऊंगी। जब तक नानी बाहर निकलीं, मोहित भाग चुका था। घर के पास एक झोपड़ी के सुराख में नीले रंग की दवा भरी सीरिंज मिली, जिसे मोहित ने पानी में मिलाकर पिलाया था। परिजन बच्ची को पहले जैतहरी और फिर अनूपपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां 24 घंटे चले इलाज के बाद 13 नवंबर की शाम 7 बजे रुचिका ने दम तोड़ दिया। पुलिस केस के डर से कमरे में बंद होकर खाया जहर बेटी को जहर देने के बाद मोहित अपने घर केकरपानी लौट आया था। 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे जब उसके बड़े भाई नेमू सिंह अस्पताल से लौटे, तो उन्होंने मोहित से इस हरकत की वजह पूछी और कहा कि उस पर पुलिस केस होगा। यह सुनते ही मोहित ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। परिजनों के काफी आवाज लगाने पर भी वह बाहर नहीं आया। रात करीब 1 बजे उसने दरवाजा खोला और जमीन पर गिर पड़ा। उसने खुद भी जहर खा लिया था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां दो दिन बाद होश आने पर उसने अपना जुर्म कबूला। पत्नी का फैसला- ‘जो बेटी का कातिल है, उसके पास कभी नहीं जाऊंगी’ मासूम बेटी को खोने के बाद मां सुशीला पूरी तरह टूट चुकी हैं और उनका पति पर से भरोसा उठ गया है। सुशीला ने कहा, “अगर वह एक बार कहता तो मैं कुछ दिन बाद ससुराल आ जाती। लेकिन मुझे अब उस पर कोई भरोसा नहीं है। जिसने अपनी ही बेटी को मार डाला, वह कल मेरी और मेरे बेटे की भी हत्या कर सकता है। मैं अब उसके पास वापस नहीं जाऊंगी।”

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here