मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। पेड़ पर चढ़ा हरबोला, मनाते रहे विधायक
मंदसौर के सुवासरा से भाजपा विधायक हरदीप सिंह डंग के साथ एक दिलचस्प वाकया हो गया। दरअसल, एक हरबोला उनके घर पहुंचा और पैसों की मांग को लेकर घर के सामने स्थित पेड़ पर चढ़ गया। इसका वीडियो भी सामने आया है। पेड़ पर चढ़े हरबोले ने विधायक को लेकर गीत गाना शुरू कर दिया, तो नीचे खड़े विधायक उसे उतरने के लिए मनुहार करते रहे। लेकिन हरबोला भी अपनी मांग पर अड़ा रहा। वह पेड़ से नीचे उतरने के बदले विधायक से पैसों की डिमांड करता रहा। आखिरकार, किसी तरह नेता जी ने उसे समझा-बुझाकर पेड़ से नीचे उतारा। अब इस घटनाक्रम के वीडियो पर लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि हरबोला तो नेता जी को मांगें मनवाने का एक अनोखा फॉर्मूला बता गया। अब देखना यह है कि विधायक जी इस फॉर्मूले को सिर्फ याद रखते हैं या कभी राजनीति में भी आजमाते हैं। जीतू पटवारी के गणित पर भाजपा का तंज
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक बार फिर प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनने का दावा किया। लेकिन इस बार दावा करते-करते उनकी जुबान कुछ ऐसी फिसली कि उनका गणित गड़बड़ा गया। जिस पर भाजपा को चुटकी लेने का मौका मिल गया। जीतू पटवारी ने कहा कि 8 हजार 812 दिन बचे हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। अब भाजपा उनके इस बयान पर तंज कस रही है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि जीतू पटवारी के दिल की बात जुबान पर आ ही गई। उनके मुताबिक, 8 हजार 812 दिन यानी करीब 24 साल बाद कांग्रेस की सरकार आएगी। यानी पटवारी ने कांग्रेस की वापसी का दावा तो किया, लेकिन भाजपा ने उनके ही बयान का हिसाब लगाकर इंतजार की मियाद 24 साल तक बढ़ा दी। मंत्री को बुलाया, कांग्रेस विधायक बोलने लगे
धार के डही में कांग्रेस विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल (हनी बघेल) ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम का मंच ही लूट लिया। दरअसल, सीएम यहां डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करने पहुंचे थे। प्रोटोकॉल के लिहाज से कांग्रेस विधायक हनी बघेल को भी आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंत्री नागर सिंह चौहान को संबोधन के लिए बुलाया गया। लेकिन तभी कांग्रेस विधायक हनी बघेल माइक पर पहुंच गए और खुद ही भाषण देने लगे। विधायक ने करीब 5 मिनट तक संबोधित किया। इस दौरान कलेक्टर बेचैन नजर आए। वे बार-बार घड़ी दिखाकर विधायक को भाषण समेटने का इशारा करते रहे, लेकिन विधायक जी अपनी धुन में बोलते रहे। उन्होंने योजना को कांग्रेस की देन बताते हुए इसका श्रेय लेने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। अब इस पूरे वाकये को लेकर लोग चटकारे ले रहे हैं। कह रहे हैं कि कांग्रेस विधायक ने भले ही जबरन माइक थामा, लेकिन भाषण जबरदस्त दिया और मंच लूट लिया। और अब अंदर की बात.. पूर्व मंत्री ने बनाया सेलिब्रेशन का प्लान
मध्य प्रदेश में हाल ही में कमलनाथ के जन्मदिन के बहाने शक्ति प्रदर्शन हुआ। इस आयोजन में नकुलनाथ को मुख्यमंत्री बनाने के नारे लगे। इसके बाद कांग्रेस में गुटबाजी और परिवारवाद को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे। सुना है कि इस पूरे आयोजन के पीछे एक पूर्व मंत्री का दिमाग था। वे खुद पहल करते हुए दिल्ली गए थे। वहां कमलनाथ से मुलाकात कर उन्हें इस तरह के आयोजन का सुझाव दिया। साथ ही, कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह भी किया। हालांकि, कमलनाथ का पहले से ही विदेश दौरा तय था। ऐसे में पूर्व मंत्री ने उनके बेटे नकुलनाथ को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजी कर लिया। कांग्रेसी खेमे में चर्चा है कि पूर्व मंत्री को फिलहाल संगठन में कोई खास तवज्जो नहीं मिल रही है। लिहाजा, पार्टी में अपना प्रभाव दिखाने और नेतृत्व का ध्यान खींचने के लिए उन्होंने इस आयोजन की पूरी पटकथा तैयार की। अब पूर्व मंत्री की ओर पार्टी का ध्यान तो गया, लेकिन उस वजह से नहीं, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। अपनी ताकत दिखाने की कोशिश उलटे कांग्रेस के लिए किरकिरी का सबब बन गई। इनपुट सहयोग – शादाब चौधरी (मंदसौर), बृजमोहन जाजू (कुक्षी) ये भी पढ़ें –
कांग्रेस में ‘सीएम फेस’ की रेस, नकुल के लगे नारे: विधायक पुत्र को महंगी पड़ी रील, VIP दर्शन बैन बारात अभी सजी भी नहीं और दूल्हा घोड़ी चढ़ने को तैयार हो गया। कांग्रेस में इन दिनों कुछ ऐसा ही चल रहा है। पार्टी के नेता प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनने का दावा कर रहे हैं। इसके साथ ही सीएम फेस को लेकर भी सियासी माहौल गरमाने लगा है। पूरी खबर पढ़ें
