सिवनी के पेंच टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में बाघ के हमले में एक चरवाहे की मौत हो गई। सोमवार सुबह करीब 11 बजे खंडासा गांव के पास जंगल में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। युवक रविवार को मवेशी चराने जंगल गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। वन विभाग की टीम को मौके पर बाघ के पैरों के निशान मिले हैं। हमले में शामिल बाघ की पहचान करने के लिए मृतक के शव से DNA सैंपल भी लिया गया है। नीचे कुछ तस्वीरें देखिए… मवेशी लौटे, लेकिन घर नहीं पहुंचा युवक जानकारी के मुताबिक, कुरई थाना क्षेत्र के खंडासा गांव निवासी योगेश देशमुख रविवार को रोज की तरह मवेशी चराने जंगल गया था। शाम को मवेशी तो घर लौट आए, लेकिन योगेश वापस नहीं आया। काफी देर इंतजार करने के बाद परिजनों ने ग्रामीणों और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने जंगल में उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक खोजने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई। इस दौरान खंडासा गांव के पास जंगल में योगेश का शव मिला। शव के दोनों पैर और सिर अलग थे, जबकि शरीर का बीच का हिस्सा गायब था। शव की हालत देखकर बाघ के हमले में मौत होने की आशंका जताई गई। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच और आगे की कार्रवाई शुरू की। DNA सैंपल से होगी बाघ की पहचान डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) गौरव मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल पर बाघ के पैरों के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शव से DNA सैंपल भी लिए गए हैं। इन सैंपल की जांच से हमले में शामिल बाघ की पहचान करने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के जंगल में कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। ग्रामीणों को अकेले जंगल में नहीं जाने की सलाह घटना के बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल में नहीं जाने और मवेशियों को चराने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही बाघ की मौजूदगी वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
