Homeमध्यप्रदेशहमले का बदला, चाकू से गोदकर हत्या:लड़कों ने किशोर को घेरा, सिर...

हमले का बदला, चाकू से गोदकर हत्या:लड़कों ने किशोर को घेरा, सिर पर पत्थर मारा; नौशाद की हत्या में छह आरोपी

जबलपुर के नसीमाबाग के चार खंभा क्षेत्र में रविवार देर रात करीब 1 बजे 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नौशाद अली के रूप में हुई है। वह अपने चाचा के साथ वेल्डिंग का काम करता था। रविवार रात वह बाजार से घर लौट रहा था, तभी क्षेत्र के ही छह लड़कों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पहले उसके सिर पर पत्थर मारा। नौशाद के गिरते ही उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में नौशाद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुरानी रंजिश सामने आई 17 वर्षीय नौशाद अली की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, करीब दो महीने पहले बाइक टकराने के विवाद में नौशाद ने जेनुअल और उसके छोटे भाई पर चाकू से हमला किया था। इस मामले में उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था। 16 अक्टूबर को जमानत पर बाहर आने के बाद से ही जेनुअल और उसके साथी उससे बदला लेने की फिराक में थे। रविवार रात जब नौशाद अकेला घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसे घेरकर पहले सिर पर पत्थर से वार किया और फिर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या में शामिल छह आरोपियों में से तीन की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें तलाश में जुटी हैं। ‘दो महीने पहले नौशाद ने जेनुअल और उसके भाई पर किया था हमला पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सितंबर में बाइक टकराने को लेकर नौशाद का जेनुअल से विवाद हुआ था। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान नौशाद ने जेनुअल और उसके छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस ने घटना के बाद नौशाद को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। 16 अक्टूबर को जमानत पर आया था बाहर नौशाद 16 अक्टूबर 2026 को बाल सुधार गृह से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस की जांच के मुताबिक, इसके बाद से ही जेनुअल और उसके साथी उससे बदला लेने की फिराक में थे। रविवार को दिन में भी आरोपियों को वारदात का मौका मिला, लेकिन वे उसे अंजाम नहीं दे पाए। रात में जब नौशाद अकेला घर लौट रहा था, तब आरोपियों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। 17 साल के नौशाद पर दर्ज थे सात आपराधिक मामले पुलिस के मुताबिक, नौशाद उर्फ दाउद के खिलाफ हनुमानताल, ओमती और गोहलपुर थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, चाकूबाजी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित सात आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें एक साल पहले हुई हत्या का मामला भी शामिल बताया गया है। एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि नौशाद को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेजते समय पुलिस ने उसकी जमानत का विरोध किया था। पुलिस ने अदालत में आशंका जताई थी कि बाहर आने पर उसकी जान को खतरा हो सकता है, क्योंकि उसकी कई लोगों से रंजिश थी। मां बोलीं- एक महीने से मिल रही थीं धमकियां नौशाद की मां शाहिन खान का आरोप है कि चार खंभा निवासी हसन, अकरम, रिहान, आमीन और जेनुअल ने अपने साथियों के साथ पहले भी नौशाद से मारपीट की थी, लेकिन पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए नौशाद के खिलाफ ही मामला दर्ज किया। शाहिन खान के मुताबिक, उनके बेटे को करीब एक महीने से लगातार धमकियां मिल रही थीं। उनका कहना है कि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो नौशाद की जान बच सकती थी। अब उन्हें और उनके छोटे बेटे को भी जान से मारने का डर है। हत्या के बाद इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया पुलिस की जांच में सोशल मीडिया पर वर्चस्व दिखाने का पहलू भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, बाल सुधार गृह से बाहर आने के बाद नौशाद ने एक रील बनाई थी, जिसमें वह कह रहा था- ‘मैं आ गया हूं बाहर।’ वहीं, हत्या के बाद आरोपियों ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वे कथित तौर पर कह रहे थे- ‘ये नाम कई लोगों पर भारी है, हम पांच।’ पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपियों में कुछ नाबालिग भी हैं। ये युवक सोशल मीडिया पर अपनी पहचान और वर्चस्व दिखाने के लिए इस तरह के वीडियो और रील बनाते थे। छह में से तीन आरोपियों की पहचान, तलाश में जुटी पुलिस हनुमानताल थाना पुलिस के मुताबिक, हत्या में शामिल छह आरोपियों में से तीन की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार तलाश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद चार खंभा क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। सोमवार शाम पोस्टमॉर्टम के बाद नौशाद का शव घर पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here