Homeमध्यप्रदेशबच्चे मिट्टी खोद रहे थे, निकला लाखों साल पुराना राज:विलुप्त हाथी का...

बच्चे मिट्टी खोद रहे थे, निकला लाखों साल पुराना राज:विलुप्त हाथी का जबड़ा मिला; जानिए नर्मदा किनारे कैसी थी दुनिया, कौन-कौन से जीव रहते थे?

रायसेन के देवरी के पास पतई घाट पर बच्चे नर्मदा किनारे मिट्टी खोदकर खेल रहे थे। तभी मिट्टी से दांत जैसी संरचनाएं दिखाई दीं। गांव वालों ने करीब डेढ़ फीट खुदाई की, तो जीवाश्म बन चुका एक विशाल जबड़ा मिला। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) ने शुरुआती जांच में इसे विलुप्त हाथी ‘स्टेगोडॉन’ का निचला जबड़ा बताया है। प्रशासन ने जगह को घेरकर 24 घंटे पहरा बैठा दिया है। आखिर यह हाथी कितना विशाल था? लाखों साल पहले नर्मदा किनारे कौन-कौन से जीव घूमते थे? और इस घाटी की मिट्टी में ऐसे कितने राज दबे हैं? समझते हैं आज के मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर में… पहले ये तस्वीर देखिए सवाल 1: वैज्ञानिकों ने दांतों की बनावट से कैसे पहचाना कि यह स्टेगोडॉन का जबड़ा है? जवाब- GSI के शुरुआती आकलन में यह विलुप्त हाथी स्टेगोडॉन नेमाडिकस का निचला जबड़ा है। इसकी पहचान दांतों की बनावट से हुई, क्योंकि हाथी परिवार की हर प्रजाति की दाढ़ अलग होती है। ‘स्टेगोडॉन’ नाम का अर्थ है- ‘छत जैसे दांत वाला’। 1847 में ब्रिटिश जीवाश्म वैज्ञानिक ह्यू फाल्कनर ने यह नाम दिया था। इसकी दाढ़ पर छत की ढलान जैसी नीची धारियां होती थीं, जबकि आज के हाथियों में ऊंची प्लेटें होती हैं। फाल्कनर ने भारत की एक प्रजाति का नाम ‘स्टेगोडॉन गणेश’ भी रखा था। 11 और 7 दांतों का रहस्य: जबड़े में एक तरफ 11 और दूसरी तरफ 7 दांत जैसी संरचनाएं दिख रही हैं। लेकिन हाथी के जबड़े में हर तरफ एक समय में एक-दो बड़ी दाढ़ें ही होती हैं, जिन पर कई धारियां होती हैं। इसलिए ये अलग दांत नहीं, बल्कि दाढ़ की धारियां हो सकती हैं। इसकी पुष्टि GSI की विस्तृत जांच से होगी। पहचान पर एक राय नहीं: GSI टीम का नेतृत्व भूवैज्ञानिक हसन खान ने किया। जबलपुर के शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष वीके खन्ना के मुताबिक, तस्वीर में जबड़ा खड़ी स्थिति में होने से दांतों की जमावट अलग दिख रही है। उसे आड़ा करके देखने पर एक परत वाली बनावट दिखती है, जो प्राचीन हाथी की दाढ़ जैसी है। वे इसे समुद्री जीव नहीं मानते। वहीं, डॉ. प्रियंका घोष के मुताबिक जबड़ा उल्टा भी पड़ा हो सकता है। इसका बड़ा हिस्सा पानी में डूबा है और बाहर सिर्फ करीब 1 फीट ऊंचा और 1.5 फीट चौड़ा हिस्सा दिख रहा है। पूरी हड्डी निकालकर जांच के बाद ही अंतिम पहचान संभव है। GSI और डॉ. घोष इसे निचला जबड़ा मान रहे हैं, जबकि वरिष्ठ वैज्ञानिक और पुरातत्व विशेषज्ञ डॉ. रवि उपाध्याय ने तस्वीरों के आधार पर इसे ऊपरी जबड़ा और दाढ़ बताया है। सवाल 2: स्टेगोडॉन हाथी आज के हाथियों से कितना बड़ा और अलग था? जवाब- डॉ. घोष के मुताबिक स्टेगोडॉन नेमाडिकस करीब 10.5 फीट ऊंचा था। स्पेन के जीवाश्म वैज्ञानिक असियर लारामेंडी के 2016 के अध्ययन (जर्नल ‘एक्टा पैलियोन्टोलॉजिका पोलोनिका’) के मुताबिक भारत की स्टेगोडॉन प्रजाति करीब 3.1 मीटर ऊंची और 6.5 टन वजनी थी। आज का एशियाई हाथी आमतौर पर 2 से 3 मीटर ऊंचा होता है। क्या अलग था- जो एक जैसा था- आज के हाथी की तरह इसकी दाढ़ें भी ‘कन्वेयर बेल्ट’ की तरह बदलती थीं, यानी नई दाढ़ पीछे से आगे आती और पुरानी घिसकर गिर जाती। नर्मदा घाटी में एक और विलुप्त हाथी था, पैलियोलोक्सोडॉन नेमाडिकस, जिसे ‘सीधे टस्क वाला हाथी’ भी कहा जाता है। डॉ. रवि उपाध्याय ने 4-5 मीटर ऊंचाई और 22 टन वजन का जो अनुमान बताया है, वह इसी से मेल खाता है। लारामेंडी ने इसकी एक टूटी जांघ की हड्डी से इसकी ऊंचाई 5.2 मीटर (डेढ़ मंजिला मकान जितनी) और वजन 22 टन आंका था। यह सही हो, तो यह जमीन पर चलने वाला अब तक का सबसे भारी स्तनधारी था। हालांकि 2024 के एक नए अध्ययन ने इसका वजन 13 से 18.5 टन आंका है। जबड़ा पूरा निकलने पर दाढ़ की धारियों से साफ होगा कि यह किसका है। सवाल 3: लाखों साल पहले जब यह हाथी नर्मदा घाटी में घूमता था, तब यहां की दुनिया कैसी थी? जवाब- उम्र पर अनुमानों में बड़ा अंतर है। GSI इसे करीब 65 लाख से 11,800 साल पहले के बीच का मानता है, वीके खन्ना करीब 65 लाख साल का, और डॉ. उपाध्याय 5 लाख से 24 हजार साल पुराना। असली उम्र इससे तय होगी कि जबड़ा मिट्टी की किस परत में दबा था। हिमयुग, पर बर्फ नहीं- उस दौर में बर्फ की मोटी चादरें उत्तरी अमेरिका और यूरोप तक फैली थीं, पर भारत तक नहीं पहुंचीं। यहां इसका असर मानसून के कमजोर-मजबूत होने के रूप में दिखा। करीब 20 हजार साल पहले, सबसे ठंडे दौर में, मानसून कमजोर पड़ा और मौसम सूखा हुआ। 2022 में लंदन की जियोलॉजिकल सोसाइटी के प्रकाशन में छपे नरसिंहपुर के एक अध्ययन के मुताबिक तब नर्मदा घाटी के नम-गर्म मौसम में पानी और जमीन, दोनों तरह के जीव रहते थे। तब नर्मदा किनारे कौन रहता था- डेक्कन कॉलेज, पुणे के जीवाश्म वैज्ञानिक जी.एल. बदाम की किताब ‘द सेंट्रल नर्मदा वैली’ जैसे अध्ययनों के मुताबिक यहां दो तरह के विशाल हाथी, दरियाई घोड़े की एक विलुप्त प्रजाति, जंगली घोड़े की एक विलुप्त प्रजाति और जंगली मवेशी रहते थे। इन मवेशियों को आज के देसी कूबड़ वाले गोवंश का पूर्वज माना जाता है। नर्मदा किनारे शुतुरमुर्ग के अंडे के छिलके भी मिले हैं। और इंसान भी- पतई से कुछ दूर, सीहोर जिले के हथनौरा में 1982 में GSI के भूवैज्ञानिक अरुण सोनकिया को एक प्राचीन इंसानी खोपड़ी का हिस्सा मिला था, जिसे ‘नर्मदा मानव’ कहा गया। यह स्टेगोडॉन और घोड़े के जीवाश्मों वाली परत में मिली थी। इससे माना जाता है कि इंसान और ये विशाल हाथी कभी इसी नदी किनारे साथ रहते थे। फिर सब कहां गए- अमेरिका की येल यूनिवर्सिटी से जुड़े जीवाश्म वैज्ञानिक अद्वैत जुकर के 2021 के अध्ययन के मुताबिक करीब 30 हजार साल पहले शुरू हुए विलुप्ति के दौर में भारत ने दोनों विशाल हाथी, दरियाई घोड़ा और वह जंगली घोड़ा खो दिया, और शुतुरमुर्ग यहां से गायब हो गए। अध्ययन शुतुरमुर्ग के गायब होने को इंसानों के उसके अंडे इस्तेमाल करने से जोड़ता है। सवाल 4: नर्मदा घाटी में बार-बार लाखों साल पुराने जीवों के जीवाश्म क्यों मिलते हैं? जवाब- नर्मदा घाटी की बनावट और नदी का कटाव इसकी बड़ी वजह हैं। नर्मदा ‘रिफ्ट वैली’ में बहती है, यानी धरती की दो बड़ी दरारों के बीच धंसी घाटी में, जिन्हें भूवैज्ञानिक ‘सोन-नर्मदा भ्रंश’ कहते हैं। रायसेन, सीहोर और नरसिंहपुर वाले मध्य हिस्से में लाखों साल में नदी की लाई मिट्टी, रेत और बजरी की बेहद मोटी परतें जमा हुईं। हड्डी से पत्थर तक: नदी किनारे मरे जानवरों की हड्डियां जल्दी इन परतों में दब जाती थीं। हवा-धूप से दूर रहकर वे सड़ी नहीं, और हजारों साल में पत्थर बन गईं। अब नदी का कटाव उन परतों को काटकर इन्हें बाहर ला रहा है। पतई में भी यही हुआ। नाम में बसी नर्मदा: यहां इतने जीवाश्म मिले कि कई विलुप्त प्रजातियों के नाम में ‘नेमाडिकस’ यानी ‘नर्मदा का’ जुड़ गया, जैसे स्टेगोडॉन नेमाडिकस और पैलियोलोक्सोडॉन नेमाडिकस। नर्मदा के जीवाश्मों का जिक्र 1830 के दशक में एशियाटिक सोसाइटी ऑफ बंगाल की पत्रिका के शुरुआती अंकों में ही छप गया था। सवाल 5: क्या पतई घाट के आसपास जमीन में अभी और भी विशाल जीवों के जीवाश्म दबे हो सकते हैं? जवाब- हां, इसकी पूरी संभावना है, क्योंकि जिस परत में एक जीवाश्म मिलता है, वह दूर तक फैली होती है। डॉ. उपाध्याय कहते हैं कि पहले मिले अवशेषों का संरक्षण ठीक से नहीं हुआ, और पूरे इलाके का व्यवस्थित सर्वे हो तो कई अहम खोजें सामने आ सकती हैं। 2021 में जर्नल ‘क्वाटर्नरी साइंस रिव्यूज’ की एक समीक्षा भी कहती है कि भारत में इन विशाल जीवों के खत्म होने का समय और कारण अब तक ठीक से समझे नहीं गए हैं, और इसके लिए नई खुदाई जरूरी है। अभी क्या हो रहा है: सबसे पहला काम पानी में डूबे हिस्से को बिना तोड़े निकालना है। बरेली SDM अंकित कुमार जैन के मुताबिक, “यह जीवाश्म यहां से हटाया नहीं जा सकता। विशेषज्ञ इसका अध्ययन यहीं करेंगे।” ऐसा कुछ मिले तो क्या करें: उसे खोदें, तोड़ें या घर न ले जाएं। तुरंत तहसील या जिला प्रशासन को बताएं, ताकि बात GSI तक पहुंचे। पतई के बच्चों और गांव वालों ने यही किया, और इसी वजह से नर्मदा की मिट्टी में दबी लाखों साल पुरानी यह कहानी आज सबके सामने है। मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर की ये कड़ी भी पढ़िए… बम की लगातार धमकी…कल दिलजीत का शो होगा या नहीं?:दिल्ली-मुंबई से इंदौर तक एक जैसे ई-मेल 15 अक्टूबर को दिल्ली के स्कूलों को एक धमकी भरा ई-मेल आया। 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर को। 2 नवंबर से इंदौर को। तीन शहर, एक कॉन्सर्ट टूर, और ई-मेल की बनावट मिलती-जुलती। 12 नवंबर को यह सिलसिला इंदौर के तीन बैंकों और महापौर सचिवालय तक पहुंच गया…पूरा एक्सप्लेनर पढ़िए।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here