धार के बदनावर TI अमित सिंह कुशवाह पर युवती ने WhatsApp पर अश्लील मैसेज और वीडियो भेजने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, TI ने मैसेज किया- ‘तुम जुलूस में आई थी, बहुत क्यूट लग रही थी।’ इस पर उसने जवाब दिया- ‘आपको शर्म आनी चाहिए, SP से शिकायत करूंगी।’ आरोप है कि इसके बाद TI उसे धमकाने लगे। युवती का आरोप है कि TI से विवाद के कुछ दिन बाद शराब कारोबारी पड़ोसी ने उसकी मां से मारपीट की। वह शिकायत लेकर थाने पहुंची, लेकिन TI ने FIR नहीं लिखी। पुलिसकर्मियों ने बदसलूकी कर हाथ पकड़कर उसे थाने से बाहर निकाल दिया। युवती ने भाई को भी झूठे केस में फंसाने की धमकी मिलने की बात कही है। TI बोले- सभी मैसेज और सबूत फर्जी हैं TI अमित सिंह कुशवाह ने दैनिक भास्कर से कहा कि उन्होंने युवती को कोई मैसेज नहीं भेजे। सभी मैसेज और सबूत फर्जी हैं। उन्हें फंसाने की साजिश की जा रही है। SDOP अरविंद तोमर के मुताबिक, युवती ने दूसरे मोबाइल नंबर से WhatsApp अकाउंट बनाया था। इसमें नाम की जगह TI का नंबर दर्ज किया। इसी अकाउंट से मैसेज भेजे गए, ताकि लगे कि मैसेज TI ने किए हैं। जांच में TI की ओर से मैसेज भेजने की पुष्टि नहीं हुई। युवती बोली- पहले सामान्य बात की, फिर हरकतें शुरू युवती के मुताबिक, करीब दो साल पहले वह रिश्ते में लगने वाले भाई के साथ शिकायत लेकर बदनावर थाने गई थी। वहां पहली बार TI अमित सिंह कुशवाहा से मुलाकात हुई। इसके बाद TI ने उससे बातचीत शुरू की। पहले सामान्य बातें कीं, फिर उम्र, कॉलेज, कामकाज और घर का पता पूछा। युवती का आरोप है कि TI ने उसे अश्लील वीडियो भेजे और एक-दो दिन तक WhatsApp कॉल-मैसेज किए। SP से शिकायत करने की बात कहने पर TI ने धमकी दी। वह बदनावर में एक निजी संस्थान में नौकरी करती थी। मेरी नौकरी छुड़वा दी। मैसेज किसी को दिखाने पर झूठे केस में फंसाने की भी धमकी दी। मां ने बच्चों को घर जाने को कहा, पड़ोसियों ने पीटा युवती के मुताबिक, TI से बातचीत शुरू होने के करीब छह महीने बाद रात 11 बजे घर के पास बच्चे खेल रहे थे। मां ने उन्हें घर जाने को कहा तो पड़ोसी सत्यनारायण जायसवाल और पप्पू जायसवाल नशे में वहां पहुंचे। उन्होंने पीछे से मां के सिर पर एंगल से वार किया। परिवार ने 100 डायल किया, लेकिन पुलिसकर्मी हिना जोशी ने वाहन भेजने से मना कर दिया। शिकायत लेकर बदनावर थाने पहुंचने पर हिना जोशी ने कहा कि TI ने आवेदन या FIR लेने से मना किया है। पुलिसकर्मी संजय मिश्रा ने उसका हाथ पकड़कर थाने से बाहर निकाल दिया। युवती का कहना है कि उसके परिवार ने दूसरे पक्ष से मारपीट नहीं की, फिर भी हिना जोशी ने जायसवाल परिवार की रिश्तेदार रानी जायसवाल का गलत मेडिकल बनवा दिया। युवती ने कहा कि उसके भाई या परिवार को कुछ हुआ तो TI अमित सिंह कुशवाहा और जायसवाल जिम्मेदार होंगे। TI पर पड़ोसी से मिलकर परेशान करने का आरोप युवती का आरोप है कि TI, जायसवाल से उसके बारे में अभद्र बातें करते हैं और उसे ‘लड़की बदमाश है’ कहकर बदनाम करते हैं। जायसवाल और उसके साथी घर आकर समझौते का दबाव बनाते हैं, लेकिन परिवार राजीनामा नहीं करना चाहता। युवती के मुताबिक, बोरदा में किराने की दुकान और शराब का कारोबार करने वाला जायसवाल उसके भाई को धमकाता है कि जहां भी जाएगा, वहां अफीम रखकर उसे ड्रग्स, अफीम या रेप केस में फंसा देगा। उसका दावा है कि चौकी प्रभारी के सामने भी धमकी दी गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। युवती का आरोप है कि हिना जोशी भी उसे TI के बारे में किसी को बताने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देती हैं। जायसवाल ने उससे कहा था कि उसने हिना जोशी को पैसे दिए हैं। इस बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास है। युवती बोली- दो साल से परेशान, SP-कलेक्टर से शिकायत युवती का कहना है कि परिवार दो साल से परेशान है। वे धार में SP और कलेक्टर से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। युवती ने मां से मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई और बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की है। दो साल से बदनावर थाने में पदस्थ हैं TI अमित सिंह कुशवाहा करीब दो साल से बदनावर थाना प्रभारी हैं। इससे पहले वे धार जिले के धामनोद थाने में पदस्थ थे। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके आने के बाद थाने में शिकायतों पर सुनवाई नहीं होती। कई फरियादी निराश होकर लौटते हैं, जबकि कुछ SP कार्यालय पहुंचते हैं। TI बोले- पूरे गांव ने युवती के खिलाफ आवेदन दिया TI अमित सिंह कुशवाहा ने कहा कि युवती शिकायत लेकर थाने आई थी, लेकिन उस समय दूसरे मामले की रिपोर्ट लिखी जा रही थी। उसे इंतजार करने को कहा गया था, जबकि वह पहले अपनी रिपोर्ट लिखवाना चाहती थी। TI के मुताबिक, पूरे गांव ने युवती के खिलाफ आवेदन दिया है। ग्रामीण उससे परेशान हैं। उसने CM हेल्पलाइन पर कई शिकायतें की हैं। WhatsApp मैसेज पर TI ने कहा कि ये उनके नहीं हैं। युवती पड़ोस की महिला का नंबर लेकर WhatsApp चलाती है और अलग-अलग लोगों के नाम से मैसेज भेजती है। अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कर चुकी शिकायत बदनावर पुलिस ने बताया- युवती ने 2024 से 2026 के बीच पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों के खिलाफ कई शिकायतें की हैं। TI अमित सिंह कुशवाह के खिलाफ भी पहले अश्लील मैसेज भेजने की शिकायत की थी। तत्कालीन ASP पारुल बेलापुरकर ने इसकी जांच की थी। युवती ने मूल व्हाट्सएप चैट और आरोपों के समर्थन में पर्याप्त डिजिटल सबूत नहीं दिए। जांच के लिए बुलाने पर वह उपस्थित भी नहीं हुई। इसलिए आरोप साबित नहीं हो सके।प्रतिवेदन में युवती के खिलाफ 7 जुलाई 2025 को मोबाइल और बिजनेस व्हाट्सएप के दुरुपयोग का केस दर्ज होने का भी जिक्र है। यह मामला अभी जांच में है। ………………… यह खबर भी पढ़ें SI-कॉन्स्टेबल ने मोबाइल से छेड़छाड़ केस के वीडियो-मैसेज डिलीट किए भोपाल में 11वीं की छात्रा को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। छात्रा के परिजन ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि सब इंस्पेक्टर रिंकू जाटव और कॉन्स्टेबल शिव भानु ने थाने में राजीनामे का दबाव बनाया था। पढ़ें पूरी खबर…
