कटनी में किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ रुपए के जेवरात चोरी करने वाले गैंग का एक सदस्य पकड़ में आ गया है। कटनी पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का नाम बदरुद्दीन शाह है और वह झारखंड के साहिबगंज का रहने वाला है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से बदरुद्दीन का पता लगाया। फिर शनिवार को उसे पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। बदरुद्दीन को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर उसे कटनी लेकर आई। यहां रविवार को उसे जिला अदालत में पेश किया। पुलिस की मांग पर कोर्ट ने उसे रिमांड पर सौंपा है। माल नहीं मिला, गैंग के बारे में सवाल-जवाब जारी पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से चोरी का माल नहीं मिला है। फिलहाल, उससे गैंग के दूसरे सदस्यों और जेवरात के बारे में पूछताछ की जा रही है। बता दें कि कटनी के बरगवां में गुरुवार को किसना ज्वेलर्स शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर बदमाश अंदर घुस गए थे। करीब 12 करोड़ रुपए के सोने-हीरे के जेवर चोरी कर ले गए थे। गैंग ने मुंबई से खरीदे थे औजार जांच में सामने आया था कि बदमाशों ने चोरी के लिए इस्तेमाल किए गए पेचकस और पाना जैसे औजार मुंबई से खरीदे थे। वहीं गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से ही लिए गए थे। वारदात के बाद पुलिस को शोरूम के पीछे लाल पहाड़ी पर कुछ सामान भी मिला था। इसमें गैस कटर, ऑक्सीजन और घरेलू एलपीजी सिलेंडर शामिल हैं। 32 कैमरे थे, लेकिन वारदात रिकॉर्ड नहीं हुई शोरूम के अंदर 32 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसके बावजूद चोरी की पूरी वारदात कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। आईजी प्रमोद वर्मा के मुताबिक, बदमाशों ने पहले कैमरों का कनेक्शन बंद किया और फिर शोरूम में चोरी की। शुक्रवार को सामने आए फुटेज में एक बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर पाना और पेचकस से काउंटर खोलने की कोशिश करता दिख रहा है। बाहर मौजूद दूसरा बदमाश उसे औजार पकड़ा रहा है। पौने दो फीट का छेद किया, नीचे बिछाए पत्ते बदमाशों ने शोरूम की पिछली ईंट की दीवार को सब्बल से तोड़ा था। दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद किया गया। शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, बदमाशों ने टूटे हिस्से के नीचे पत्ते बिछाए थे, ताकि अंदर घुसते समय या औजार सरकाते वक्त आवाज न हो। जिस जगह से बदमाश अंदर घुसे, वहां न तो रोशनी थी और न ही सीसीटीवी कैमरा। संचालक के मुताबिक, सरकारी जमीन होने के कारण वहां लाइट और कैमरे नहीं लगाए जा सके थे। लॉकर नहीं था, काउंटर में रखे थे सारे जेवर शोरूम संचालक मोहन बजाज ने बताया था कि कंपनी की ओर से लॉकर या तिजोरी रखने का प्रावधान नहीं है। सभी जेवर डिस्प्ले काउंटर में रखे हुए थे। दीपावली के कारण शोरूम में सामान्य दिनों से ज्यादा स्टॉक था। इसी का फायदा उठाकर बदमाश करीब 12 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के जेवर ले गए। ……………………… यह खबर भी पढ़ें… ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ के सोने-हीरे के जेवर चोरी कटनी के बरगवां में किसना ज्वेलर्स शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर बदमाश अंदर घुस गए। करीब 12 करोड़ रुपए के सोने-हीरे के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस को लाल पहाड़ी से ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर और पेचकस समेत कई सामान मिले हैं। पुलिस ने सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। चोरों की तलाश में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पढे़ं पूरी खबर…
