Homeमध्यप्रदेशएम्स में दवाओं की खरीद में बड़ा फर्जीवाड़ा:14 रुपए की ट्यूब 943...

एम्स में दवाओं की खरीद में बड़ा फर्जीवाड़ा:14 रुपए की ट्यूब 943 रुपए में, प्रसव के बाद खून रोकने का इंजेक्शन 14 गुना महंगा

जिस सरकारी अस्पताल में गरीब मरीज आखिरी उम्मीद लेकर पहुंचता है, वहां इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं और मेडिकल सामग्री बाजार से कई गुना महंगी दरों पर खरीदी जाती रही। यह आरोप किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि एम्स भोपाल के तत्कालीन कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने लगाया था। उन्होंने 31 मई 2025 को लिखे पत्र में माना कि अमृत फार्मेसी की दरें खुले बाजार से अधिक हैं। इसका सीधा असर आयुष्मान भारत के मरीजों पर पड़ रहा है। पत्र की प्रति केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव को भी भेजी गई थी। इसके बावजूद डेढ़ साल बाद भी मरीज उसी फार्मेसी से दवाएं लेने को मजबूर हैं। जिम्मेदारों पर कार्रवाई का इंतजार है। इस पत्र की कॉपी भी दैनिक भास्कर के पास है। हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी एम्स से पूछा है कि आईपीडी मरीजों के लिए दवाओं की खरीद किस जनरल फाइनेंशियल रूल्स (GFR) के तहत की गई। खरीद में टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई थी या नहीं, यह भी पूछा गया है। क्या है पूरा मामला इस रिपोर्ट में पढ़िए… तत्कालीन निदेशक ने अमृत फार्मेसी के प्रभारी को लिखा कि यह भारत सरकार की पहल है। इसका उद्देश्य आम लोगों को घोषित छूट के साथ सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है। इसके बावजूद संस्थान को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फार्मेसी की कीमतें खुले बाजार से ज्यादा हैं। कई बार ध्यान दिलाने के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी। इसके बाद एम्स ने 15 अप्रैल 2025 को जांच समिति बनाई। समिति ने अमृत फार्मेसी की वस्तुओं की तुलना एम्स के अपने वेंडरों के रेट कॉन्ट्रैक्ट से की। तुलना समान स्पेसिफिकेशन और पैक साइज के आधार पर की गई। इसमें सामने आया कि एमआरपी पर छूट देने के बाद भी अमृत फार्मेसी की कई वस्तुएं काफी महंगी थीं। इसके प्रमाण के तौर पर तुलनात्मक चार्ट भी पत्र के साथ लगाया गया। उदाहरण के साथ बताया फर्जीवाड़ा पत्र में तीन उदाहरण दिए गए। न्यूरोलॉजी विभाग ने 25 आईवी (इंट्रावेनस) सेट की मांग की थी, जिनकी कुल कीमत 327.50 रुपए यानी 12 रुपए प्रति सेट बताई गई। वहीं, एक अन्य मरीज से इतने ही सेट के लिए 56 रुपए प्रति सेट वसूले गए। इसी तरह प्लेन शीट का बिल 1,000 रुपए था, जबकि पैकेट पर एमआरपी 600 रुपए छपी थी। लिगेटिंग क्लिप के लिए 1,234 रुपए लिए गए, जबकि पैकेट पर एमआरपी 1,171 रुपए थी। 14 रुपए की ट्यूब 943 रुपए में खरीदी यह पहला मामला नहीं है, जब एम्स भोपाल में दवाओं और मेडिकल सामग्री की खरीद पर सवाल उठे हों। इससे पहले संस्थान की आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट में भी भारी अंतर सामने आया था। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, 125 से अधिक दवाओं और 200 से ज्यादा सर्जिकल व मेडिकल आइटम की खरीद में तुलनात्मक दरों से 550 प्रतिशत से लेकर 6,500 प्रतिशत से अधिक तक का अंतर दर्ज किया गया। सबसे चौंकाने वाला उदाहरण हाई प्रेशर एक्सटेंशन ट्यूब का है। इसकी तुलनात्मक दर 14.27 रुपए थी, जबकि खरीद 943.49 रुपए में की गई। यानी एक ट्यूब पर 929.22 रुपए ज्यादा भुगतान हुआ। यह तुलनात्मक दर से करीब 6,511.70 प्रतिशत अधिक था। रिपोर्ट में संस्थान के खरीद बजट का भी जिक्र है। वर्ष 2022-23 में दवाओं और सर्जिकल आइटम की खरीद का बजट 145 करोड़ रुपए था, जो 2024-25 में बढ़कर 245 करोड़ रुपए हो गया। दो साल में इसमें 100 करोड़ रुपए की बड़ोतरी हुई। हालांकि, बजट बढ़ने और महंगी खरीद के बीच सीधा संबंध स्थापित करने के लिए मदवार खर्च और खरीद रिकॉर्ड की जांच जरूरी है। 50 से 60% मरीज आयुष्मान के, पैकेज पर पड़ता है असर तत्कालीन निदेशक ने अपने पत्र में महंगी खरीद का सीधा असर मरीजों के इलाज पर पड़ने की बात कही थी। उन्होंने लिखा कि एम्स भोपाल में भर्ती होने वाले मरीजों में करीब 50 से 60 प्रतिशत आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी हैं। दवाओं और मेडिकल सामग्री की कीमतें ज्यादा होने से कई बार इलाज का खर्च योजना के निर्धारित पैकेज से आगे निकल जाता है। ऐसी स्थिति में अतिरिक्त खर्च संस्थान को उठाना पड़ता है। पत्र में बीपीएल मरीजों का भी उल्लेख किया गया था। एम्स में गरीबी रेखा से नीचे के मरीजों को दवाएं, मेडिकल सामग्री और अन्य जरूरी सामान मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में खरीद की दरें अधिक होने से संस्थान पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। यही स्थिति दूसरी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के तहत इलाज कराने वाले मरीजों के मामले में भी है। यानी महंगी खरीद का असर सिर्फ सरकारी खजाने पर नहीं, बल्कि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी पड़ रहा है। सेंट्रल ड्रग स्टोर कमजोर, अमृत फार्मेसी पर निर्भरता बढ़ी इस पूरे मामले में एम्स के अपने सेंट्रल ड्रग स्टोर और रेट कॉन्ट्रैक्ट की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। मार्च 2025 तक सेंट्रल फार्मेसी के पास महज 13 रेट कॉन्ट्रैक्ट (RC) थे। पर्याप्त रेट कॉन्ट्रैक्ट नहीं होने के कारण संस्थान को डायरेक्ट वेंडरों से खरीद करने में परेशानी आ रही थी। इसी वजह से दवाओं और सर्जिकल सामान की 80 प्रतिशत से ज्यादा जरूरत अमृत फार्मेसी से पूरी की जाती रही। आरोप है कि रेट कॉन्ट्रैक्ट समय पर अपडेट नहीं किए गए और इससे संस्थान का अपना ड्रग स्टोर कमजोर होता गया। इसे जानबूझकर कमजोर किए जाने और कमीशन के लिए अमृत फार्मेसी से खरीद बढ़ाने के आरोप भी हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित फाइलों और अधिकारियों की भूमिका की जांच जरूरी है। व्यवस्था बिगड़ने के बाद प्रबंधन ने रेट कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने की कवायद शुरू की। मार्च 2025 के बाद 40 नए रेट कॉन्ट्रैक्ट किए गए। इस तरह इनकी संख्या बढ़कर 78 हो गई। अब इनके जरिए करीब 1,600 तरह की दवाएं और सामान सीधे वेंडरों से खरीदे जा सकते हैं। लक्ष्य इस साल के अंत तक इनकी संख्या 150 करने का है। इसके बाद सेंट्रल फार्मेसी 3,000 से अधिक प्रकार की सामग्री थोक में खरीद सकेगी। वहीं, अन्य एम्स की बात करें तो वहां सेंट्रल फार्मेसी के पास 800 से ज्यादा रेट कॉन्ट्रेक्ट हैं। निगरानी के लिए डिजिटल सिस्टम, फिर भी कैसे हुई महंगी खरीद? एम्स में दवाओं और मेडिकल सामग्री की खरीद व उपयोग की निगरानी ड्रग एंड थेरेप्यूटिक्स कमेटी (DTC) के जिम्मे है। इसमें फार्माकोलॉजी विभाग प्रमुख, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, मेडिसिन, सर्जरी, पीडियाट्रिक्स और क्वालिटी सेल के अधिकारी शामिल होते हैं। इसके अलावा हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन सिस्टम में बीओ स्टॉक मॉड्यूल भी है। इसके जरिए स्टॉक निर्धारित 180 दिनों के स्तर पर पहुंचने पर अलर्ट जारी होता है। इसके बाद रेट कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक परचेज ऑर्डर जारी किया जाना चाहिए। ऐसे में सवाल है कि जब कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने वाले वेंडर मौजूद थे, तब महंगी दरों पर खरीद कैसे होती रही? स्टॉक अलर्ट, खरीद प्रस्ताव और अनुमोदन की निगरानी करने वाले अधिकारियों की भूमिका की जांच भी जरूरी है। किस काम आती हैं ये दवाएं सिरिंज पंप और आर्टेरियल प्रेशर मॉनिटरिंग में मरीज की नस से लाइन जोड़ने में, लिवर रोगियों में नसों से खून बहने और हेपेटोरीनल सिंड्रोम के इलाज में ये दवाएं काम आती हैं। इसके अलावा गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण, हर्पीज जैसे वायरल संक्रमण के इलाज, प्रसव के बाद होने वाले रक्तस्राव को रोकने में इन दवाओं का उपयोग होता है। साथ ही एनेस्थीसिया की दवा का असर खत्म करने में, दूरबीन सर्जरी में नसों को क्लिप से बंद करने में, बच्चों को नली के जरिए पोषण देने में, ऑपरेशन के दौरान संक्रमण से बचाव में ये काम करती हैं। अन्य दवाएं भी मरीजों के लिए बेहद उपयोगी हैं। आयुष्मान मरीजों की दवा अमृत से क्यों खरीदी गई? अमृत फार्मेसी की शुरुआत ओपीडी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हुई थी। वहीं कम कीमत पर जेनेरिक दवाएं देने के लिए प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र की व्यवस्था भी है। ऐसे में सवाल है कि आईपीडी मरीजों के लिए दवाओं और मेडिकल सामग्री की खरीद अमृत फार्मेसी से क्यों की गई? क्या इसके लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई थी? क्या दूसरे सप्लायरों और संस्थान के अपने रेट कॉन्ट्रैक्ट की दरों से तुलना की गई थी? एम्स के पीआरओ सत्येंद्र शरण ने कहा ये पत्र पूर्व डायरेक्टर से जुड़ा है। वर्तमान में इससे जुड़ी शिकायत नहीं आई है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here