मध्य प्रदेश में शनिवार से 3 दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को जबलपुर से होगी। 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खंडवा में आयोजन होंगे। इस दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपरा, लोककला और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। जबलपुर के गैरीसन मैदान में होने वाले कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन और जनजातीय कार्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनजातीय संस्कृति की दिखेगी झलक तीन दिवसीय समारोह में प्रदेश के अलग-अलग अंचलों से आए जनजातीय कलाकार पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां देंगे। बिरसा मुंडा के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के बलिदान पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री जनजातीय वर्ग के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित कर सकते हैं। 18 नवंबर तक मनेगा गौरव सप्ताह 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत भाजपा संगठन, सरकार और समाज मिलकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में सांस्कृतिक जुलूस निकाले जाएंगे। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। 15 नवंबर को विद्यालयों और छात्रावासों में बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। वहीं, 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से सीधा संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा। जनजातीय विकासखंडों के विद्यालयों और छात्रावासों में विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा सहित अन्य जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान की जानकारी दी जाएगी। जल, जंगल और जमीन के लिए किया संघर्ष क्रांतिकारी बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष के साथ जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन किया। छोटा नागपुर क्षेत्र में जनजातीय भूमि को गैर-जनजातीय लोगों द्वारा कानूनी अनुमति के बिना खरीदने पर रोक लगाने वाले भूमि संरक्षण कानून के निर्माण में उनके आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका संदेश ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ यानी हमारा देश, हमारा शासन जनजातीय स्वाभिमान और अधिकारों का प्रतीक है। बिरसा मुंडा के समकालीन मध्यप्रदेश में टंट्या मामा ने भी अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और देश के लिए बलिदान दिया।
