रीवा में ट्रक चालकों का स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन गुरुवार देर रात उग्र हो गया। आंदोलन कर रहे चालकों ने डीजल टैंकरों की आवाजाही रोकने के साथ एंबुलेंस, दूध और सब्जी लेकर जाने वाले वाहनों को भी रोक दिया। इससे जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। चालकों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो पेट्रोल-डीजल की सप्लाई के साथ इलेक्ट्रिक चार्जिंग व्यवस्था भी बंद करा देंगे। दरअसल, ऑल इंडिया वाहन चालक कल्याण एकता संगठन के बैनर तले ट्रक चालक ड्राइवर आयोग, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड और ड्राइवर सुरक्षा कानून बनाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। चालकों का कहना है कि सड़क हादसों में किसी ड्राइवर की मौत या गंभीर चोट लगने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। इसके साथ ही चालकों की सामाजिक सुरक्षा और कल्याण के लिए भी ठोस व्यवस्था बनाई जाए। डीजल-पेट्रोल की सप्लाई रोकने की चेतावनी आंदोलनकारियों ने रीवा जिले में डीजल टैंकरों की आवाजाही रोक दी है। उनका कहना है कि पेट्रोल की सप्लाई भी बंद कराई जा रही है। जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। चालकों ने चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ने पर चार्जिंग व्यवस्था भी बंद कर दी जाएगी। उनका कहना है कि पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बंद होने से वाहनों का संचालन प्रभावित होगा। ईंधन नहीं मिलने पर वाहन चालकों को गाड़ियां खड़ी करनी पड़ेंगी और इसका असर पूरी परिवहन व्यवस्था पर पड़ेगा। सतना-रीवा मार्ग पर भी रोके थे वाहन गुरुवार को सतना-रीवा मार्ग पर कारगिल ढाबा के पास भी ट्रक चालकों ने गाड़ियां खड़ी कर प्रदर्शन किया था। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने चालकों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाया। पुलिस दे रही समझाइश एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि ट्रक चालकों को समझाइश दी जा रही है। पुलिस की कोशिश है कि स्थिति सामान्य बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
