पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित 6 मंजिला बागड़िया टावर में बुधवार शाम 4.30 बजे मेडिकल स्टोर के कचरे से लगी आग ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। वेंटिलेशन चैंबर से धुआं फैलने के कारण 48 फ्लैट वाली इस बिल्डिंग में 50 से ज्यादा लोग फंस गए। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह व एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से 2.30 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 3rd-4th फ्लोर पर फंसे 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने में दमकल की 6 गाड़ियां, 25 से ज्यादा पानी के टैंकर और 20 से ज्यादा फोम सिलेंडर इस्तेमाल किए गए। सांस लेने में दिक्कत होने पर 60 वर्षीय सरोज शर्मा और एक कैंसर मरीज महिला को अस्पताल ले जाया गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया। रेस्क्यू के दौरान फायर ब्रिगेड कर्मचारी कृष्णपाल सिंह चौहान के पैर में कांच लगने से वे घायल हो गए। सांसद अनिल फिरोजिया ने जान जोखिम में डालकर 8 लोगों को बचाने वाले स्थानीय युवाओं के लिए 11-11 हजार रुपए पुरस्कार की घोषणा की है। पूरे क्षेत्र में आग का धुआं फेल गया। आग पर काबू पाने में 25 से ज्यादा टैंकर पानी लगा। इनसेट : स्थानीय लोगों ने रस्सी, सीढ़ी और अन्य संसाधनों से लोगों को नीचे उतारा। युवाओं की मिसाल: रस्सी और सीढ़ी के झूले से बचाई 8 लोगों की जान हादसे के दौरान मिल्कीपुरा के मुस्लिम युवाओं जुबैर, राजा, अफजल, इरफान, मोहम्मद शाहिद और मोहित ने सांप्रदायिक सौहार्द व इंसानियत की मिसाल पेश की। घर में गरुड़ पुराण का पाठ करा रहीं नीता शर्मा के परिवार समेत 8 लोगों को इन युवाओं ने बिना अपनी जान की परवाह किए सीढ़ियों और रस्सी के झूले की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला।
