Homeदेशदिल्ली में खुले सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा:24 घंटे बाद...

दिल्ली में खुले सीवर में गिरा 4 साल का बच्चा:24 घंटे बाद टुकड़ों में मिला शव, वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की मशीनों से कटने की आशंका

दिल्ली के बापरोला इलाके में खुले सीवर में गिरे 4 साल के बच्चे का शव करीब 24 घंटे बाद मिला। मंगलवार दोपहर सीवर में गिरने के बाद बच्चे की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। बुधवार को निलोठी के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में बच्चे का शव कई टुकड़ों में मिला। पुलिस के मुताबिक, शव की पहचान के लिए DNA प्रोफाइलिंग कराई जाएगी। पुलिस को आशंका है कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में गंदे पानी को साफ करने वाली बड़ी घूमने वाली मशीनों की वजह से बच्चे का शव टुकड़ों में बंट गया। शव को निकालकर संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है। यहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मां के साथ पार्क गया था बच्चा, मैनहोल में गिरा पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को दोपहर करीब 3:21 बजे बाहरी दिल्ली के रन्होला थाने में बच्चे के सीवर में गिरने की सूचना मिली थी। बच्चा अपनी मां के साथ दास गार्डन पार्क गया था। वहां नांगली विहार एक्सटेंशन के खेरी बाबा पुल के पास नाले की तरफ जाते समय वह खुले मैनहोल में गिर गया। सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, स्थानीय गोताखोरों और NDRF की टीम ने तलाश शुरू की। टीम ने सीवर और उससे जुड़े नाले में करीब 7 घंटे तक खोजबीन की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। रात में अंधेरा और कम दृश्यता होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। बुधवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई। सीवर का रास्ता नाले से जुड़ा होने के कारण टीम को बच्चे की स्थिति का पता लगाने में परेशानी हुई। रेस्क्यू टीम सीवर और नाले के रास्ते आगे बढ़ते हुए निहाल विहार के निलोठी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंची। यहीं बच्चे का शव मिला। दिल्ली जल बोर्ड ने क्या कहा? दिल्ली सरकार के एक अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के संबंधित मेंटेनेंस इंजीनियर को मंगलवार शाम 5:22 बजे फोन पर घटना की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने निरीक्षण में पाया कि इंटरसेप्टर सीवर लाइन नजफगढ़ नाले की बंद बाउंड्री वॉल के नीचे से गुजरती है। यह हिस्सा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (IFCD) के अधिकार क्षेत्र में आता है। DJB के बयान के मुताबिक, कुछ शरारती तत्वों ने सीवर मैनहोल का ढक्कन क्षतिग्रस्त कर दिया था। बयान में यह भी कहा गया कि इसी इलाके में पहले हुई एक अन्य गैरकानूनी घटना के कारण पुलिस ने इस हिस्से में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर रखी थी। बिना अनुमति इस प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश की इजाजत नहीं थी। ——————————

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here