केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई चौहान के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भोपाल पहुंचे। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के निवास पर उनसे मुलाकात की और दिवंगत काशीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। राजनाथ, योगी और साय आएंगे काशीबाई चौहान की त्रयोदशी (तेरहवीं) और गंगाजलि पूजन का कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के कई वरिष्ठ राजनेताओं और मुख्यमंत्रियों के भोपाल पहुंचने की संभावना है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि देंगे। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी सहित भाजपा संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशीबाई चौहान का पिछले दिनों भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया था। इसके बाद से राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक जगत की प्रमुख हस्तियां लगातार चौहान परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त कर रही हैं।
