Homeमध्यप्रदेश'फायर ब्रिगेड में आधा पानी था, एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं’:प्रत्यक्षदर्शी बोले- कर्मचारी...

‘फायर ब्रिगेड में आधा पानी था, एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं’:प्रत्यक्षदर्शी बोले- कर्मचारी शराब के नशे में थे; दम घुटने से हुई 6 लोगों की मौत

दीपावली पर जिस बिजली से घर रोशन हुआ था, उसी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कुछ घंटे पहले जिस घर में त्योहार मनाया जा रहा था, वहां चीख-पुकार और मातम पसर गया। मामला सिवनी जिले के छपारा का है। सोमवार तड़के करीब 3 बजे महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सर्राफा कारोबारी कुंदन सोनी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई। हादसे के वक्त परिवार के 10 सदस्य घर में मौजूद थे। इनमें से चार को बचा लिया गया, जबकि छह लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घायल को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस में भी पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं थी। उनका यह भी आरोप है कि दमकलकर्मियों ने शराब पी रखी थी। दम घुटने से गई सभी की जान पोस्टमॉर्टम के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए। कुंदन लाल, राजकुमारी, स्मृति और सूर्या का अंतिम संस्कार सोमवार को किया गया, जबकि ऋतु और आदित्य का अंतिम संस्कार मंगलवार को हुआ। पोस्टमॉर्टम करने वाले ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. तामसिंग इनवाती ने बताया कि सभी छह लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई है। एम्बुलेंस का गेट टूटा, स्ट्रेचर खराब था प्रत्यक्षदर्शी पर्व जैन ने बताया कि फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची। उसमें भी आधा ही पानी था। इसके बाद लखनादौन और सिवनी से दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। एंबुलेंस भी समय पर नहीं आई। उसमें ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं था और स्ट्रेचर भी खराब था। हमने लोगों को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें नहीं बचा पाए। वहीं, हर्ष जैन ने बताया कि आदित्य उन्हें सीढ़ियों पर मिला था। उसकी सांसें चल रही थीं। वे उसे बाहर निकालकर एंबुलेंस तक ले गए, लेकिन उसमें न ऑक्सीजन की व्यवस्था थी और न ही बैठने की ठीक सुविधा। एंबुलेंस के गेट भी ठीक से नहीं खुल रहे थे। हर्ष के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही आदित्य ने दम तोड़ दिया। उन्होंने उसे CPR भी दिया था। उस समय आदित्य के हाथ हिल रहे थे। एसपी बोले- घर में एक ही एग्जिट था एसपी कृष्ण लालचंदानी ने कहा- कुंदन लाल सर्राफा व्यापारी थे। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से घर के पिछले और अन्य हिस्सों में जालियां लगा रखी थीं। घर में एक ही एग्जिट था इसलिए रेक्स्यू ऑपरेशन में कठिनाई का सामना करना पड़ा। जालियां तोड़ कर अंदर जाना पड़ा। मैनेजर का दावा- आरोप झूठे, ऑक्सीजन की जरूरत ही नहीं पड़ी इन आरोपों पर जय अंबे कंपनी के जिला प्रबंधक दयानंद ब्रम्हने ने कहा, “सभी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध रहता है। छपारा हादसे में आदित्य को जिस एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया था, उसमें भी ऑक्सीजन सिलेंडर था।” घटनास्थल से अस्पताल की दूरी सिर्फ 5 से 7 मिनट थी। इसलिए आदित्य को सीधे अस्पताल पहुंचाया गया। उसे रास्ते में ऑक्सीजन लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। वहीं, नगर परिषद की सीएमओ गीता वाल्मीकि ने कहा कि दमकल वाहन समय पर घटनास्थल पर पहुंच गया था। CM ने फोन पर कुंदनलाल के बेटे से बात की स्थानीय विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कुंदनलाल सोनी के बेटे सौरभ सोनी की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताया और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं। =================== ये खबर भी पढ़ें… 6 लोग जिंदा जले; परिजन बोले-ये हत्या है इन छह लोगों की मौत की जिम्मेदार बरही नगर पंचायत है। अगर समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच जाती, तो परिवार के सभी सदस्य जिंदा होते। यह कहते हुए दुर्गा प्रसाद अग्रवाल का चेहरा गुस्से से लाल हो जाता है। कटनी के बरही में रहने वाले दुर्गा के जीजा पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में दिवाली की रात आग लग गई थी। इस हादसे में परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। पढे़ं पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here