मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली पर रविवार को उज्जैन जिले में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होकर ग्रामीणों, कुष्ठ रोगियों, पुलिसकर्मियों और अस्पताल के मरीजों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। ग्राम ढेंडिया में 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बने पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनके मकानों का मालिकाना हक दे रही है। उज्जैन जिले में अब तक 74 हजार 791 मकानों की रजिस्ट्री हो चुकी है। इस उपलब्धि के साथ जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 50 से 70 लाख लोगों को निशुल्क रजिस्ट्री का लाभ दिया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा है। सिलाई से हर महीने 12 से 15 हजार कमा रहीं महिलाएं मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ढेंडिया की महिलाएं वस्त्र उद्योग में सिलाई का काम कर हर महीने 12 से 15 हजार रुपए कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर तैयार करने के लिए होमस्टे को भी बढ़ावा दिया जाएगा। गांवों में होमस्टे शुरू करने के इच्छुक लोगों को सरकार 2 लाख रुपए तक की मदद देगी। पांच बीघा में बना है मैरिज गार्डन ढेंडिया में 37 लाख रुपए की लागत से पंचायत भवन और 1 करोड़ 80 लाख रुपए से मैरिज गार्डन तैयार किया गया है। दोनों की कुल लागत 2 करोड़ 17 लाख रुपए है। करीब पांच बीघा में बने मैरिज गार्डन में 26 कमरे, 12,880 वर्गफीट का डोम और किचन शेड बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने दोनों निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। कुष्ठ रोगियों के साथ मनाई दीपावली, मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा ढेंडिया के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हामूखेड़ी स्थित कुष्ठधाम पहुंचे। यहां उन्होंने कुष्ठ रोगियों को मिठाई, पटाखे और उपहार वितरित किए और उनके साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए और सभी को साथ लेकर चलना जरूरी है। नागझिरी थाने में पुलिसकर्मियों का बढ़ाया उत्साह मुख्यमंत्री इसके बाद नागझिरी थाने पहुंचे और पुलिसकर्मियों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने त्योहार के दौरान भी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर त्योहारों पर भी लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उनका यह समर्पण सराहनीय है। माधवनगर अस्पताल में मरीजों का जाना हाल दिन के अंतिम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री माधवनगर अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और आईसीयू की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और नर्सिंग छात्राओं को मिठाई व पटाखे वितरित किए। इस तरह मुख्यमंत्री ने दीपावली के दिन ग्रामीणों से लेकर मरीजों और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों तक के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
