अशोकनगर में हर घर दीपावली अभियान के तहत कलेक्टर साकेत मालवीय शनिवार देर रात नवीन कृषि उपज मंडी पहुंचे। उन्होंने किसानों, व्यापारियों, हम्मालों और सुरक्षा गार्डों से मुलाकात की और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देकर उपहार भेंट किए। कलेक्टर ने कहा कि दीपावली खुशियों, उल्लास और आपसी सौहार्द का पर्व है। अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना और सभी को उत्सव से जोड़ना है। उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों, व्यापारियों और हम्मालों से चर्चा की। इस दौरान मंडी की व्यवस्थाओं पर भी बात हुई। कहा- मंडी किसानों, श्रमिकों की आजीविका का केंद्र
कलेक्टर ने कहा कि कृषि उपज मंडी किसानों, व्यापारियों और श्रमिकों की आजीविका का केंद्र है। मंडी का संचालन सभी के सहयोग और आपसी तालमेल से होना चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो। उन्होंने मंडी में काम करने वाले सभी लोगों के योगदान की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि बेहतर व्यवस्थाओं के लिए सभी की भूमिका जरूरी है।
